बदायूं में नमक से बन रही थी नकली पोटाश: कृषि अधिकारी के छापे में फैक्ट्री का पर्दाफाश, 9 हिरासत में
बदायूं के बिल्सी-इस्लामनगर रोड पर नमक से नकली पोटाश बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। जिला कृषि अधिकारी ...और पढ़ें

कृषि अधिकारी के छापे में पकड़ा गया नकली पोटाश
जागरण संवाददाता, बदायूं। बिल्सी-इस्लामनगर रोड पर खैरी गांव के समीप बंद पड़े लॉन में नमक से नकली पोटाश तैयार करने की फैक्ट्री संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। जिला कृषि अधिकारी मनोज रावत ने पुलिस के साथ छापेमारी कर फैक्ट्री का पता लगाया।
मौके से संचालक आरिफ निवासी पठान टोला, सहसवान समेत नौ लोगों को पकड़ा गया। छापेमारी के दौरान करीब 300 बोरी नमक, 300 तैयार कट्टे नकली पोटाश, 300-400 खाली कट्टे, दो सिलाई मशीन, धागा, जनरेटर और तीन-चार किलो गेरू बरामद हुआ।
तैयार पोटाश के कट्टों पर इंडियन पोटाश लिमिटेड के कट्टों का इस्तेमाल किया जा रहा था। कृषि अधिकारी ने बरामद सामग्री जब्त कर ली है। पोटाश का इस्तेमाल किसान खासकर आलू की फसल में अच्छी पैदावार के लिए करते हैं।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ बिल्सी कोतवाली में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बदायूं में नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी शाबान को 20 साल की सजा, कोर्ट ने 1.20 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया
