काम खत्म कर घर लौट रहे थे राजमिस्त्री और मजदूर, बदायूं सड़क हादसे में बुझ गए दो परिवारों के चिराग
बदायूं में वजीरगंज-बदायूं मार्ग पर एक बस की टक्कर से बाइक सवार राजमिस्त्री राजेश और मजदूर बद्री प्रसाद की मौत ...और पढ़ें

एआई इमेज
जागरण संवाददाता, बदायूं। वजीरगंज थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव के पास वजीरगंज-बदायूं मार्ग पर यूपी-24 होटल के निकट गढ़मुक्तेश्वर डिपो की बस की टक्कर से बाइक सवार राजमिस्त्री और मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई।
धर्मपुर गांव निवासी 40 वर्षीय राजेश पुत्र लाखन राम राजमिस्त्री का काम करता था। वह गांव के ही 40 वर्षीय बद्री प्रसाद पुत्र विजय सिंह को सोमवार को मजदूरी के लिए सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के बाबट गांव ले गया था।
मकान का काम पूरा करने के बाद शाम को दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान वजीरगंज-बदायूं मार्ग पर यूपी-24 होटल के पास सामने से आ रही गढ़मुक्तेश्वर डिपो की बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बद्री प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। राजेश को उपचार के लिए बरेली के एक निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां मंगलवार सुबह उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने हादसे की सूचना स्वजन को दे दी है।
