बदायूं में रेस्टोरेंट के कर्मचारी के ऊपर गिरी 500 लीटर की पानी की टंकी, दबकर मौत
बदायूं में सिविल लाइंस पुलिस चौकी के पास एक साउथ इंडियन रेस्टोरेंट के बाहर पानी का टैंक गिरने से कर्मचारी राकेश की मौत हो गई।

घटना स्थल पर पड़ी पानी की टंकी
HighLights
बदायूं में रेस्टोरेंट कर्मचारी पर पानी का टैंक गिरा।
तेज हवा के कारण हुआ यह दर्दनाक हादसा।
घायल कर्मचारी राकेश को अस्पताल में मृत घोषित किया।
जागरण संवाददाता, बदायूं। सिविल लाइंस पुलिस चौकी के पास साउथ इंडियन रेस्टोरेंट के बाहर बर्तन धो रहे कर्मचारी के ऊपर पानी से भरा प्लास्टिक का टैंक गिर गया। टैंक के गिरने से उसके नीचे दबकर कर्मचारी घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने कर्मचारी को जिला अस्पताल पहुंचाया, चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस चौकी से दस मीटर दूरी सपा नेता राजेश्वर सिंह का घर है। बाहर दुकानें बनी हुई हैं। करीब दो महीने पहले तमिलनाडू के मदुरै निवासी वरुण उर्फ सुनील माल गोदाम रोड पर क्रिश्चियन समाज की जमीन के बाहर डोसा का काउंटर लगाते थे।
लेकिन वह जमीन खाली कराए जाने के बाद उन्होंने यहां पर थूंगा नागरम तमिलनाडू साउथ इंडियन नाम से रेस्टोरेंट खोल लिया। उन्होंने दुकान के बाहर छोटी सी जगह में बर्तन धोने का स्थान बनाया, यहीं पर दीवार बनाकर उस पर लकड़ी के पटले रखे उसी के ऊपर पानी का पांच सौ लीटर वाला प्लास्टिक का टैंक रखवा दिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
इस टैंक से वह बर्तन धोने आदि के लिए पानी का इस्तेमाल करते थे। गुरुवार देर रात जब वह रेस्टोरेंट बंद करने को थे। इससे दुकान का कर्मचारी माल गोदाम रोड निवासी राकेश गंदे बर्तन धोने के लिए ले गया। वह बर्तन धो ही रहा था कि इसी दौरान तेज हवा चली और पेड़ की डाल के झोंके साथ पानी से भरी टंकी नीचे गिर पड़ी। जिससे उसके नीचे बैठा राजेश दब गया।
तेज आवाज सुनकर सभी एकत्र हो गए। बमुश्किल टंकी हटा कर राकेश को निकाला। उसके सिर पर चोट लगने के कारण वह बेसुध हो गया। पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद से टैंक को नगर पालिका के वाटरकूलर का टैंक बताया जा रहा था, लेकिन वह दुकान के आगे सड़क किनारे लगा है। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया गया है। स्वजन की ओर से भी कोई शिकायत नहीं की गई।
