विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदायूं में पीड़ितों को धमकाने और प्रताड़ित करने के आरोप में 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड, विभागीय जांच शुरू

Published: Sun, 13 Sep 2026 01:44 PM (IST)

एसएसपी अंकिता शर्मा ने बदायूं में जरीफनगर की बस्तोई सीकरी चौकी के प्रभारी मनीष भारद्वाज समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. एसएसपी अंकिता शर्मा ने 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया।

  2. पीड़ित पक्ष को धमकाने, मारपीट और एनडीपीएस की धमकी दी।

  3. सीओ की रिपोर्ट के बाद पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, बदायूं। पीड़ित पक्ष के घर दबिश देने, एनडीपीएस में फंसाने की धमकी और उन्हें प्रताड़ित करने के मामले में एसएसपी अंकिता शर्मा ने जरीफनगर की बस्तोई सीकरी चौकी के प्रभारी मनीष भारद्वाज समेत सभी पांच पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया।

चार दिन पहले जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव धौरारा में हुई मारपीट में रविंद्र व उसके स्वजन को पीटा गया था। उसने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

इसके तीन दिन बाद शुक्रवार की शाम आरोपितों से सांठगांठ करने के बाद बस्तोई सीकरी के पुलिस कर्मियों ने पीड़ित पक्ष को धमकाया, मारपीट की और एक रात थाने में भी रखा।

आरोप है कि उनकी चौकी क्षेत्र का मामला न होने के बाद भी उन्होंने यह कृत्य किया। मामले की शिकायत पर एसएसपी ने सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह से रिपोर्ट मांगी। सीओ की रिपोर्ट के बाद एसएसपी ने चौकी प्रभारी मनीष भारद्वाज, सिपाही लोकेश, सुरजीत, हरीश और संदीप भाटी को निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने बताया इन सभी की विभागीय जांच भी कराई जा रही है।

यह भी पढ़ें- बदायूं में बिरयानी खाने के बहाने 1 करोड़ की साजिश: सर्राफा कारोबारी का ड्राइवर निकला मास्टरमाइंड, ₹79 लाख नकद बरामद