विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिरयानी खाने रुके और लुट गए लाखों: बदायूं में मेरठ के सर्राफा कारोबारी की कार से जेवरात चोरी

Published: Sat, 12 Sep 2026 02:11 PM (IST)

बदायूं के नवादा क्षेत्र में बिरयानी खाने रुके मेरठ के एक सर्राफा कारोबारी की कार से लाखों के सोने-चांदी के ...और पढ़ें

एआई इमेज है।

एआई इमेज है।

जागरण संवाददाता, बदायूं। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल नवादा में दास कालेज के पास होटल के सामने खड़ी कार से दिनदहाड़े सोने चांदी के लाखों के जेवरात चोरी हो गए। चोरों ने कार का शीशा तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

पश्चिम बंगाल के जिला हुगली के थाना सिंगुर के मुस्तफापुर क्षेत्र के रहने वाले शेख दिलवार हुसैन मेरठ में सर्राफा का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि उनका कारीगर सरफराज व चालक आरिफ कार से बदायूं आए थे।

यहां से वह दोनों सोने चांदी के जेवरात लेकर मेरठ लौट रहे थे। उन दोनों को भूख लगी तो नवादा क्षेत्र के दास कालेज के पास बिरयानी खाने के लिए रुके। वहीं होटल के सामने स्थित सीमेंट सरिया की दुकान के पास कार को खड़ा कर वह बिरयानी की दुकान पर चले गए।

कुछ देर बाद जब लौट कर आए तो देखा कि उनकी कार का पीछे का शीशा टूटा हुआ था। कार में रखे सोने चांदी के जेवरात गायब थे। इस पर उन्होंनें मामले की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपितों को भी पकड़ लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- DU एडमिशन फर्जीवाड़ा: बरेली और बदायूं के बाद सिद्धार्थनगर से भी जुड़े तार, 16 फर्जी दिव्यांग सर्टिफिकेट बरामद