बदायूं में भैंसों से लदा ट्रक छोड़ने पर दारोगा और सिपाही निलंबित, एसएसपी ने की कार्रवाई
बदायूं के सहसवान में भैंसों से लदे ट्रक को छोड़ने के आरोप में एक दारोगा और सिपाही को निलंबित किया गया है।

HighLights
सहसवान में दारोगा और सिपाही निलंबित किए गए।
भैंसों से भरे ट्रक को छोड़ने का आरोप था।
एसएसपी ने लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई की।
जागरण संवाददाता, बदायूं। सहसवान के तकिया मुहल्ले में लगने वाली साप्ताहिक पैठ से भैंसों को भरकर ले जा रहे ट्रक को छोड़ने के आरोप में सहसवान के एक दारोगा और सिपाही को निलंबित कर दिया गया।
आरोप है कि भैंसों को क्रूरतापूर्ण तरीके से भरे जाने के बाद भी ट्रक को छोड़ दिया गया। एसएसपी ने प्राथमिक जांच के आधार पर दोनों पर कार्रवाई की है।
सहसवान के तकिया मुहल्ले में हर गुरुवार को साप्ताहिक पैठ यानी पशु बाजार लगता है। यहां पर कई व्यापारी पशु खरीदने व बेचने आते हैं। शाम करीब चार बजे एक चालक ट्रक में 12 भैंस भरकर ले जा रहा था। इसमें एक भैंस की मौत हो गई।
पशु प्रेमी गौरव कुमार ने ट्रक रुकवा कर इसकी सूचना यूपी-112 पुलिस को दे दी। यूपी-112 पुलिस ने मौके पर पहुंच कर थाना पुलिस को बुलाया। सहसवान कोतवलाी से दारोगा बलवीर सिंह और सिपाही गौरव पवार मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृत भैंस को वहीं पास में गड्ढा खोदवाकर दफन करवा दिया।
इसके बाद आरोप लगाते हुए एक्स हैंडल पर पोस्ट की गई कि पुलिस ने क्रूरतापूर्ण तरीके से भरा पशुओं लदा ट्रक छोड़ दिया। एक्स हैंडल की पोस्ट प्रसारित होते ही पुलिस अधिकारी सक्रिय हुए। एसएसपी अंकिता शर्मा ने इंस्पेक्टर सहसवान नरेश कुमार सिंह से मामले की जानकारी ली।
इसके बाद प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए दारोगा बलवीर सिंह व सिपाही गौरव कुमार को निलंबित कर दिया। जबकि दोनों पुलिस कर्मियों का कहना है कि वह जब मौके पर पहुंचे तो शिकायतकर्ता ने सिर्फ मृत भैंस को दफनाने की मांग की थी। उनके पहुंचने से पहले भैंस को उतार लिया गया था व ट्रक वहां नहीं था।
एसपी देहात डा. हृदेश कठेरिया ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर ट्रक चालक को हिरासत में लेना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। प्रथम दृष्टया जांच में दोनों की लापरवाही उजागर हुई है।
सीओ सिटी बने आईपीएस सुमेध जाधव
जिले में बीते दिनों अपनी पहली पोस्टिंग पर आए आईपीएस सुमेध मिलिंद जाधव को एसएसपी अंकिता शर्मा ने सीओ सिटी का चार्ज सौंपा है। यह उनकी पहली पोस्टिंग है। इसके साथ ही अब तक सीओ सिटी की जिम्मेदारी संभाल रहे सीओ राहुल पांडेय को उझानी सर्किल की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, सीओ उझानी रहे सुनील कुमार को यातायात, चुनाव, लाइन आदि की जिम्मेदारी मिली है। वहीं सीओ बिल्सी आलोक सिद्दू को सीओ क्राइम की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
