फेस्टिवल सीजन में चमका मोबाइल मार्केट: 15-25 हजार वाले फोन्स की सबसे ज्यादा डिमांड, जानें खरीदारों की पहली पसंद
त्योहारी सीजन में बदायूं के मोबाइल बाजार में ग्राहकों की भारी भीड़ और उत्साह देखा जा रहा है, जहां लोग ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक इमेज
HighLights
दुकानों में उमड़ रही खरीदारों की भीड़, दुकानदार बोले... व्यापार मंदा है
जागरण संवाददाता, बदायूं। नवरात्रि पर शहर के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ और जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग त्योहार के शुभ मुहूर्त में जमकर खरीदारी कर रहे हैं, जिससे इलेक्ट्रानिक्स और मोबाइल बाजारों में भी खासी रौनक छाई हुई है। इस सीजन मोबाइल मार्केट में मिड रेंज स्मार्टफोन की मांग सबसे अधिक बनी हुई है।
सोमवार को दैनिक जागरण की टीम ने दुकानदारों और ग्राहकों से बातचीत की तो सामने आया कि बाजार में आठ हजार रुपये से लेकर दो लाख रुपये तक के स्मार्टफोन उपलब्ध हैं। सबसे ज्यादा खरीदारी 15 हजार से 30 हजार रुपये के बजट वाले स्मार्टफोन की हो रही है।
इसका कारण है कि इस प्राइस रेंज में ग्राहकों को प्रीमियम लुक, आकर्षक डिजाइन और बेहतरीन बैटरी परफार्मेंस जैसे आधुनिक फीचर्स आसानी से मिल जाते हैं, जिससे यह आम खरीदारों की पहली पसंद बन गया है।
खरीदारों का मानना है कि नया फोन हमेशा पुराने डिवाइस की तुलना में बेहतर खूबियों के साथ होना चाहिए। ग्राहकों की पसंद में उम्र और पीढ़ी के हिसाब से बड़ा अंतर भी देखने को मिल रहा है।
उम्रदराज लोग ऐसे स्मार्टफोन तलाश रहे हैं जिनमें कालिंग और नेट कनेक्टिविटी बेहतरीन हो और बैटरी लंबी चले। इस वर्ग के लिए बाजार में 15 हजार रुपये तक की रेंज में अच्छे फोन उपलब्ध हैं।
वहरे जेन जी पीढ़ी का पूरा ध्यान दमदार परफार्मेंस, रैम, मेमोरी, बैटरी बैकअप और स्टाइलिश लुक पर रहता है। युवा पीढ़ी लेटेस्ट फीचर्स के लिए 30 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक के प्रीमियम स्मार्टफोन्स को तरजीह दे रही है।
दुकानदारों का कहना है कि त्योहारी सीजन में हर वर्ग की मांग के अनुसार स्टाक पूरा रखा गया है। लेकिन व्यापार अभी पिछली वर्ष की तुलना में मंदा है।
हमारे यहां हर बजट के फोन उपलब्ध हैं, लेकिन इस समय 15 से 25 हजार रुपये के मिड रेंज स्मार्टफोन की सबसे ज्यादा बिक्री हो रही है। - रचित गुप्ता , मोबाइल विक्रेता
युवा जहां लेटेस्ट फीचर्स और महंगे फोन पसंद कर रहे हैं, वहीं उम्रदराज ग्राहक बजट में बेहतरीन बैटरी और कालिंग वाला फोन ढूंढ रहे हैं। - अमन तिवारी, मोबाइल विक्रेता
मैं पहले जो फोन चला रहा था। वो 25 हजार का था। इस बार 32 हजार का फोन लिया है। जिसमें पहले से अच्छे फीचर्स हैं। - विशाल, खरीदार
पहले मैं जो फोन चला रहा था वो अब हल्का चलने लगा है। काफी दिन से मन बना रहा था कि फोन बदलूंगा। इस बार 30 से 40 हजार के बजट का फोन लूंगा। - अली, खरीदार
यह भी पढ़ें- जमीन खरीदने वाले जल्द करा लें रजिस्ट्री: बदायूं में 15% तक बढ़ रहे सर्किल रेट, 2-4 दिनों में लागू होंगे नए दाम
