विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'फूलन देवी बन जाऊंगी', बदायूं में जमीन पैमाइश के दौरान हुए हंगामे के बीच बोली युवती

Published: Mon, 05 Oct 2026 06:01 AM (IST)

बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र के लभारी गांव में जमीन की पैमाइश को लेकर हुए विवाद में एक युवती का ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. बदायूं में जमीन पैमाइश को लेकर हुआ बड़ा हंगामा।

  2. युवती ने राजस्व टीम पर झोपड़ी जलाने का आरोप लगाया।

  3. मामले में नौ लोगों पर प्राथमिकी, चार गिरफ्तार हुए।

जागरण संवाददाता, बदायूं। कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव लभारी में जमीन की पैमाइश को लेकर जमकर हंगामा हो गया। राजस्व टीम पर झोपड़ी फूंकने का आरोप लगाते हुए एक युवती का गाली-गलौज भरा वीडियो प्रसारित हो रहा है। वीडियो में युवती कह रही है कि तू किस दुनिया में पला बढ़ा है, फिर क्यों न फूलन देवी बनना पड़े... तूने मेरे घर में आग लगवा दी, मेरे बहन-भाई रो रहे हैं।

यह मामला एक अक्टूबर का है। राजस्व और पुलिस की टीम लभारी गांव में पैमाइश करने पहुंची थी। दरअसल गांव की नन्ही देवी पत्नी सुरेंद्र सिंह ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर अपनी जमीन की पैमाइश कराने की मांग की थी। 29 सितंबर को टीम ने पैमाइश कर नन्ही देवी को कब्जा दिला दिया। नन्ही देवी का आरोप था कि उसने नींव भर दी लेकिन दूसरे पक्ष ने रात में नींव उखाड़कर फेंक दी। इधर दूसरे पक्ष की युवती का आरोप है कि लेखपाल ने कमीशन लेकर दूसरी पार्टी को फायदा पहुंचाया और गाली देते हुए उसकी झोपड़ी में आग लगवा दी।

लेखपाल धीरेंद्र सिंह ने बताया कि जब टीम एक अक्टूबर को पुलिस बल के साथ गांव पहुंची और नींव की जांच कर रहे थे। तभी हरदेव के उकसाने पर अमरवती, गंगाश्री, ओमपाल और घमंडी ने सरकारी कार्य में बाधा डाली और खुद ही अपनी जर्जर झोपड़ी में आग लगा ली। टीम से अभद्रता भी की गई। एसओ विक्रम सिंह ने बताया कि वीडियो प्रसारित करने वाली युवती के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

नौ लोगों पर प्राथमिकी, चार जेल गए
कादरचौक पुलिस ने लेखपाल की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इनमें रामप्रसाद, बलवीर, चमन सिंह और रामवती को गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट ने रामप्रसाद, बलवीर और चमन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि रामवती को जमानत मिल गई। दो अक्टूबर को मुख्य आरोपित हरदेव को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

यह भी पढ़ें- बदायूं में कांवड़ यात्रा करने वाले मुस्लिम युवक को मिली जान से मारने की धमकियां, पुलिस कर रही जांच