बदायूं में गंगा स्नान के दौरान हादसा: 3 बच्चियां डूबीं, 2 को सुरक्षित निकाला; 1 की तलाश जारी
बदायूं के कछला गंगा घाट पर स्नान के दौरान तीन बच्चियां गहरे पानी में डूब गईं। नाविकों ने दो बच्चियों ...और पढ़ें

कछला गंगा घाट पर स्नान करते लोग
जागरण संवाददाता, बदायूं। गंगा स्नान करने आईं तीन बच्चियां शुक्रवार दोपहर बाद कछला गंगा घाट के दक्षिणी छोर पर गहरे पानी में डूबने लगीं। मौके पर मौजूद नाविक गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए दो बच्चियों को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि तीसरी बच्ची गहरे पानी में चली जाने के बाद लापता हो गई। देर शाम तक गोताखोर गंगा में उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
राजस्थान के भरतपुर जिले के थाना रूपबास क्षेत्र के गांव दौलतगढ़ निवासी आरती देवी अपने बच्चों और पड़ोस के लोगों के साथ गंगा स्नान करने कछला आई थीं। उनके साथ मुहल्ले के अन्य बच्चे भी थे।
सभी लोग कछला गंगा घाट के दक्षिणी छोर पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान इंद्रा (12), काजल (10) और सकीना (11) गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।
बच्चियों को डूबता देख मौके पर मौजूद नाविक गोताखोर तुरंत गंगा में उतर गए। उन्होंने काजल और सकीना को सकुशल बाहर निकाल लिया, लेकिन इंद्रा गहरे पानी में चली गई और लापता हो गई।
पुलिस ने प्राइवेट गोताखोरों की मदद से गंगा में लापता बच्ची की तलाश शुरू कराई। देर शाम तक गोताखोर गंगा में संभावित स्थानों पर तलाश करते रहे, लेकिन इंद्रा का कोई पता नहीं लग सका। पुलिस की मौजूदगी में तलाश अभियान जारी रहा।
