विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी के प्रसिद्ध कछला गंगा घाट का ₹18 करोड़ से होगा उद्धार, लगेगी भगवान शिव की विशाल मूर्ति, महिलाओं को मिलेगी खास सुविधा

Published: Tue, 06 Oct 2026 01:19 PM (IST)

बदायूं के प्रसिद्ध कछला गंगा घाट का 18.37 करोड़ रुपये से सौंदर्यीकरण होगा, जिसमें भगवान शिव की विशाल मूर्ति और ...और पढ़ें

कछला गंगा घाट पर लाइन में लगीं नाव। जागरण

कछला गंगा घाट पर लाइन में लगीं नाव। जागरण

HighLights

  1. कछला में पहले वार्ड नंबर तीन कासगंज साइड गंगा घाट का होगा निर्माण

जागरण संवाददाता, बदायूं। जिले के प्रसिद्ध कछला गंगा घाट का अब कायाकल्प होने जा रहा है। यहां घाट से लेकर पार्क, फव्वारा, बैठने के लिए बेंच और भगवान शंकर की विशाल मूर्ति लगाई जाएगी। महिलाओं को कपड़े बदलने के लिए चेंजिंग रूम की भी व्यवस्था होगी। इससे कछला गंगा घाट का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी।

कछला स्थित भागीरथी गंगा घाट जिले का ही नहीं, पूरे प्रदेश और देश में प्रसिद्ध है। यहां अलग-अलग राज्यों से श्रद्धालु गंगा स्नान करने आते हैं। लंबे समय से इसके सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार की मांग हो रही थी।

शासन ने घाट के विकास के लिए 18.37 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की है। योजना के तहत सबसे पहले वार्ड नंबर तीन में कासगंज साइड वाले गंगा घाट का निर्माण कराया जाएगा।

05BDN_23_05102026_475.JPG

घाट के किनारे पार्क विकसित किया जाएगा, जिसमें बैठने के लिए बेंच लगाई जाएंगी। बीच में एक बड़ा फव्वारा लगाया जाएगा, जो घाट की सुंदरता बढ़ाएगा। साथ ही भगवान शंकर जी की एक बड़ी मूर्ति स्थापित की जाएगी, जिससे घाट धार्मिक स्थल के रूप में और विकसित होगा।

महिला श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। घाट पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे, जिससे स्नान के बाद कपड़े बदलने में परेशानी न हो। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक सौंदर्यीकरण कार्य का टेंडर सीएनडीएस कंपनी को दिया गया है।

कार्य शुरू होना था लेकिन गंगा में आई बाढ़ के कारण योजना की रफ्तार थम गई है। घाट इस समय जलमग्न है। बाढ़ का पानी घटने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि पानी छंटते ही पहले चरण का काम शुरू कर दिया जाएगा।

कछला गंगा घाट पर बढ़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

कछला गंगा घाट के सौंदर्यीकरण के बाद यहां श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। अभी घाट पर सुविधाओं की कमी के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। बैठने की जगह न होने से बुजुर्गों को दिक्कत होती है और महिलाओं को कपड़े बदलने में असुविधा होती है।

घाट बनने, पार्क, बेंच और चेंजिंग रूम बनने के बाद लोग यहां अधिक समय तक रुकेंगे। कार्तिक पूर्णिमा और गंगा दशहरा जैसे बड़े स्नान पर्वों पर यहां लाखों की भीड़ जुटती है। घाट का विकास होने से यह पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित होगा।

दुकानदारों और नाविकों की बढ़ेगी आमदनी

घाट के सुंदर होने से स्थानीय दुकानदारों और नाविकों की आमदनी भी बढ़ेगी। कछला में गंगा किनारे पूजा सामग्री, प्रसाद, कपड़े और खाने-पीने की दर्जनों दुकानें हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से उनकी बिक्री बढ़ेगी।

वहीं गंगा में नाव चलाने वाले नाविकों को भी अधिक सवारी मिलेंगी। अभी बाढ़ के कारण नाव संचालन बंद है और दुकानदारी भी ठप पड़ी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट का विकास होने से कछला में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति सुधरेगी।

 

कछला गंगा घाट का सौंदर्यीकरण व जीर्णोद्धार दो भागों में होगा। इसके लिए करीब 50 करोड़ रुपये की लागत आएगी। अभी साढ़े 18 करोड़ की धनराशि आ गई है। इससे कासगंज साइड वार्ड नंबर तीन का घाट बनेगा। अभी बाढ़ आई हुई है। इससे दिक्कत आ रही है। पानी कम होने के बाद इसकी शुरूआत करा दी जाएगी। हम दूसरी तरफ के घाट की भी कोशिश कर रहे हैं। जल्द ही इधर का भी रुपया मंजूर करा दिया जाएगा।

- हरीश शाक्य, बिल्सी विधायक


यह भी पढ़ें- बदायूं में खौफनाक वारदात: दुकान में बेटे को पिटता देख आगे आई मां, दबंगों ने कार से कुचलकर मार डाला