बदायूं में स्वाइन फ्लू से पहली मौत: परिजनों ने बिना बताए दफनाया शव, रिपोर्ट आते ही स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप
बदायूं में स्वाइन फ्लू से पहली मौत दर्ज की गई है, जहां 73 वर्षीय महिला की बरेली में इलाज के ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज है।
HighLights
27 अगस्त को बरेली में कराई गई थी जांच, उसमें पॉजिटिव निकली थी महिला
जागरण संवाददाता, बदायूं। जिले में स्वाइन फ्लू ने पहली जान ले ली है। बिल्सी तहसील के गांव सिरासौल निवासी 73 वर्षीय बुजुर्ग महिला की बरेली में इलाज के दौरान मौत हो गई। जांच में वह एच-1एन-1 यानी स्वाइन फ्लू पाजिटिव पाई गई थी। मौत के बाद स्वजन ने स्वास्थ्य विभाग को बिना कोई सूचना दिए शव को गांव लाकर दफना दिया।
जब रोहिलखंड मेडिकल काॅलेज से इसकी रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंची तो महकमे में हड़कंप मच गया। सोमवार को विभाग की टीम गांव में दौड़ पड़ी। महिला मुकीम पत्नी अब्दुल सत्तार सिरासाैल गांव की रहने वाली थीं।
स्वजन के अनुसार, वह 13 अगस्त से बीमार थी। उन्हें सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही थी। पहले स्वजन उन्हें अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कालेज ले गए। वहां कई दिन तक इलाज चला, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ।
इसके बाद 27 अगस्त को उन्हें बरेली के रोहिलखंड मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। वहां डाक्टरों ने जांच कराई तो वह स्वाइन फ्लू पाजिटिव निकली। इलाज के दौरान 28 अगस्त की रात उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि स्वजन शव को लेकर गांव आ गए और रात में ही उन्हें दफना दिया। इस बारे में स्वास्थ्य विभाग या प्रशासन को कोई जानकारी नहीं दी। जब रोहिलखंड मेडिकल कालेज ने पॉजिटिव रिपोर्ट और मौत की सूचना बदायूं स्वास्थ्य विभाग को भेजी, तब अधिकारियों को घटना का पता चला।
सूचना मिलते ही सीएमओ के निर्देश पर जिला सर्विलांस टीम और बिल्सी की स्वास्थ्य टीम गांव सिरासौल पहुंची। टीम को घर पर मृतका के परिवार के तीन सदस्य मिले। सभी की जांच की गई और सैंपल लिए गए। फिलहाल किसी में स्वाइन फ्लू के लक्षण नहीं मिले हैं और सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। एहतियात के तौर पर तीनों को टैमीफ्लू दवा दी जा रही है और आइसोलेशन में रखा गया है।
गांव में सर्वे शुरू, लोगों से सतर्क रहने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने गांव में घर-घर सर्वे शुरू करा दिया है। लोगों में सर्दी, जुकाम, बुखार और सांस की तकलीफ जैसे लक्षणों की जांच की जा रही है। साथ ही लोगों को मास्क पहनने, भीड़ से बचने और हाथ धोने की सलाह दी जा रही है। विभाग ने आसपास के गांवों में भी निगरानी बढ़ा दी है।
स्वाइन फ्लू को लेकर विभाग अलर्ट है। लोगों से अपील है कि बुखार और सांस की दिक्कत को हल्के में न लें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें। महिला का अलीगढ़ और बरेली में उपचार चला था। वह कहां पाजिटिव हुई, इसके बारे में पता कराया जा रहा है।
- डाॅ. विकास शर्मा, सीएमओ
यह भी पढ़ें- 18 करोड़ का बजट आया, फिर भी 5500 मजदूरों की जेब खाली: बदायूं में पसीने की कमाई के लिए क्यों तरस रहे श्रमिक?
