बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए खोदा गया गड्ढा बिना भरे छोड़ा, पानी में डूबने से किसान की मौत
गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में भरे वर्षा के पानी में डूबने से बदायूं के दातागंज में किसान आराम कश्यप की मौत हो गई।
-1791080094939_m.webp)
केलाई गांव में गड्ढों में भरा बरसात का पानी, यहीं हुआ हादसा और आराम कश्यप का फाइल फोटो
HighLights
गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए खोदे गड्ढे में किसान डूबा।
वर्षा के पानी से भरे गड्ढे में नहाते समय हुई घटना।
कार्यदायी संस्था ने गड्ढे नहीं भरे, जिससे हादसा हुआ।
संवाद सूत्र, बदायूं। गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण में मिट्टी उपयोग के लिए खोदा गया गड्ढा शनिवार को जानलेवा बन गया। उसमें भरे वर्षा के पानी में डूबने से किसान आराम कश्यप की मौत हो गई।
केलाई के ग्रामीणों ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान कार्यदायी संस्था ने किनारे से मिट्टी निकाली थी। इस कारण गहरे गड्ढे हो गए, जो भरे जाने चाहिए थे। काम पूरा होने के बाद संस्था गड्ढे भरे बिना चली गई। उनमें वर्षा का पानी भर गया।
स्वजन ने कार्रवाई व पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार
किसान आराम कश्यप दोपहर को खेत से घर लौट रहे थे। रास्ते में गड्ढे में पानी भरा देखकर उसमें नहाने उतर गए। ग्रामीणों के अनुसार, उन्हें गड्ढे की गहराई का आभास नहीं था। अचानक उन्हें गोते लगने लगे तो आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने देखा।
उन्हें बचाने के लिए किसी ने रस्सी फेंकी तो किसी ने लाठी का सहारा लिया। काफी प्रयास के बाद उन्हें गड्ढे से बाहर निकाला जा सका। स्वजन उन्हें दातागंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, मगर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, स्वजन ने कार्रवाई व पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
