विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदायूं में साधु की मढ़ी पर बदमाशों का धावा: गर्दन पर भाला रख 50 हजार लूटे, साथ में कुतिया का पिल्ला भी ले गए

Published: Fri, 02 Oct 2026 05:08 PM (IST)

बदायूं के फैजगंज बेहटा में एक मढ़ी पर बदमाशों ने धावा बोला। उन्होंने साधु की गर्दन पर भाला रखकर 50 ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

जागरण संवाददाता, बदायूं। फैजगंज बेहटा क्षेत्र के मोहकमपुर-मुड़िया धुरेकी मार्ग पर जंगल में बनी एक मढ़ी पर गुरुवार रात हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। उन्होंने मढ़ी पर रह रहे साधु की गर्दन पर भाला रखकर 50 हजार रुपये की नकदी लूट ली और साथ में बंधे कुत्ते का पिल्ला भी खोलकर ले गए।

गांव के जंगल में पीपल के पेड़ के नीचे एक झोपड़ी बनी हुई है। वहां एक मढ़ी भी है। यहां बाबा आरामनाथ अपने शिष्य पारस नाथ के साथ रहते हैं। मढ़ी के आसपास के गांवों के लोग यहां पूजा करने आते हैं।

मढ़ी का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके लिए बाबा ने चंदा करके 50 हजार रुपये जुटाए थे और वह रकम झोपड़ी में ही रखी थी। बाबा आरामनाथ ने बताया कि गुरुवार रात करीब 11 बजे तीन बदमाश हथियारों से लैस होकर झोपड़ी में घुस आए।

उन्होंने उनकी गर्दन पर भाला रख दिया और झोपड़ी में रखे 50 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। जाते-जाते बदमाश तलवार से पिल्ले की रस्सी काटकर उसे भी अपने साथ ले गए।

बाबा ने बताया कि तीन में से एक बदमाश को उन्होंने पहचान लिया है। वह पहले से ही मढ़ी पर आता-जाता रहता था। घटना के कुछ देर बाद बाबा ने यूपी-112 पर सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।

शुक्रवार सुबह बाबा अपने कुछ परिचित ग्रामीणों के साथ उस आरोपी के घर पहुंचे, जिसे उन्होंने पहचाना था और हंगामा किया। इसके बाद थाना आसफपुर पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर लूटी गई रकम, पिल्ला बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें- कभी लहलहाती थीं फसलें, अब सुरक्षा के डर से सिमटी बदायूं जेल की खेती; जानें चारदीवारी के पीछे का सच