विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदायूं में बड़ी लापरवाही: सड़क ठेकेदार ने खोदी 8 फीट गहरी खंती, खेलते-खेलते पानी में डूबने से 14 साल के मासूम की मौत

Published: Wed, 19 Aug 2026 04:44 PM (GMT+05:30)

बदायूं के मुड़सान गांव में ठेकेदार की लापरवाही से खोदी गई 8 फीट गहरी खंती में पानी भरने से 14 ...और पढ़ें

ठेकेदार की लापरवाही से बनी खंती

ठेकेदार की लापरवाही से बनी खंती

जागरण संवाददाता, बदायूं। मुजरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़सान में जिला पंचायत की ओर से कराए जा रहे मिट्टी कार्य और खड़ंजा सड़क निर्माण में बरती गई लापरवाही ने एक किशोर की जान ले ली। उच्च प्राथमिक विद्यालय से मंदिर तक सड़क निर्माण के लिए ठेकेदार द्वारा जेसीबी से मिट्टी निकाली गई। इससे मार्ग के किनारे गहरी खंती बना दी गई थी।

बरसात के कारण इसमें पानी भर गया था। मंगलवार शाम खेलते समय 14 वर्षीय रोहित उसी खंती में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार जिला पंचायत के सड़क निर्माण कार्य के लिए करीब 20 दिन पहले जेसीबी से मार्ग के किनारे से मिट्टी निकाली गई थी। मिट्टी निकालने के बाद खंती आठ फीट से अधिक गहरी हो गई।

उसे भरवाने या सुरक्षित करने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। बारिश के बाद यही खंती पानी से लबालब हो गई। मंगलवार शाम करीब छह बजे के बाद रोहित खेलते-खेलते वहां पहुंच गया और अचानक पानी में गिर गया।

आसपास मौजूद लोगों और स्वजन को जब उसके डूबने की जानकारी हुई तो तलाश शुरू की गई। काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

बुधवार को सूचना पर पहुंची मुजरिया पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं बुधवार को मामले की जानकारी होने पर सहसवान के नायब तहसीलदार भी पुलिस के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की।

यह भी पढ़ें- ट्रेन में यात्रा करते समय सावधान! बदायूं-बरेली रूट पर युवक पर फेंका गया पत्थर, पैर में आया फ्रैक्चर