मासूम की जिद ने हिलाई नगर पालिका! जब सड़क की बदहाली की फरियाद लेकर चेयरमैन के पास पहुंची कक्षा 3 की आइजा
बदायूं में कक्षा तीन की छात्रा आइजा सैफ ने शहर की बदहाल सड़कों की शिकायत नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा ...और पढ़ें

पालिकाध्यक्ष से शिकायत कहती आइजा
HighLights
बच्ची की शिकायत पर तत्काल जेई को बुलाया, त्योहार से पहले रास्ते दुरुस्त कराने के दिए निर्देश
जागरण संवादाता, बदायूं। शहर की बदहाल सड़कों से हर रोज गुजरने वाले लोग भले ही परेशानी झेलकर आगे बढ़ जाते हों, लेकिन एक नन्ही बिटिया ने इस समस्या को लेकर आवाज उठाने की ठानी। स्कूल आने जाने में होने वाली दिक्कतों से परेशान आइजा सैफ सीधे नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा के पास पहुंच गई।
उसने अपनी परेशानी बताई और सड़कों को ठीक कराने की गुहार लगाई। बिटिया की बात सुनकर अध्यक्ष ने भी तत्काल जेई को बुलाकर त्योहार से पहले सड़कों को ठीक कराने के निर्देश दिए।
ब्लूमिंग डेल स्कूल की कक्षा तीन की छात्रा आइज़ा ने बताया कि जब वह स्कूल जाती है तो पार्वती आर्य इंटर कालेज से चाणक्य मिष्ठान भंडार तक और पनवाड़िया बिजलीघर से शिव मंदिर चौराहे तक सड़क की हालत बेहद खराब है।
जगह-जगह गड्ढों के कारण वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। आर्य समाज से बालाजी टेंट हाउस जाने वाले मार्ग पर पुलिया की ऊंचाई अधिक होने से दुपहिया वाहन चालक भी फिसल जाते हैं।
ऐसे में कभी भी दुर्घटना हो सकती है। आइज़ा ने केवल अपनी परेशानी ही नहीं बताई, बल्कि त्योहारों के मौसम में बाजार आने-जाने वाले लोगों की दिक्कत भी सामने रखी।
उसने आग्रह किया कि सड़कों को जल्द ठीक कराया जाए, जिससे लोगों को राहत मिल सके। नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा ने जेई को बुलाकर समस्या का जल्द समाधान कराने के निर्देश दिए। साथ ही आइजा को भरोसा दिलाया कि उसकी शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी। आइजा के पिता और सर सैफउद्दीन ने बताया कि वह कई दिन से खुद शिकायत करने जाने की जिद कर रही थी।
