विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

₹200 करोड़ का अमर ज्योति घोटाला: मास्टरमाइंड ने की थी ऐसी प्लानिंग, अब पत्नी और बेटा भी बने मुख्य आरोपी

Published: Mon, 21 Sep 2026 10:16 PM (IST)

बदायूं के 200 करोड़ रुपये के अमर ज्योति चिटफंड घोटाले में मास्टरमाइंड शशिकांत की पत्नी अर्चना मौर्य और बेटे विशुकांत ...और पढ़ें

अमर ज्योति चिटफंड घोटाला

अमर ज्योति चिटफंड घोटाला

HighLights

  1. दो मुख्य आरोपित जेल में, तीसरा भाई, पत्नी और बेटा फरार

जागरण संवाददाता, बदायूं। जिले के 200 करोड़ रुपये के घोटाले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित शशिकांत की पत्नी अर्चना मौर्य और बेटे विशुकांत को भी मुख्य आरोपित बना लिया है। जांच में पता चला है कि निवेशकों से ठगा गया रुपया शशिकांत अपने परिवार के खातों में भी ट्रांसफर करता था। इसलिए पुलिस ने पत्नी और बेटे को मुख्य आरोपितों की सूची में शामिल कर लिया है।

कोतवाली पुलिस की जांच में सामने आया है कि शशिकांत ने पहले से ही पूरी प्लानिंग कर रखी थी। वह निवेशकों से मोटे ब्याज का लालच देकर पैसा लेता था और फिर उस रकम को अपनी पत्नी अर्चना और बेटे विशुकांत के बैंक खातों में भी भेज देता था।

पुलिस का मानना है कि शशिकांत ने यह इसलिए किया, जिससे भविष्य में अगर वह पकड़ा भी जाए, तो उसके परिवार के पास पर्याप्त धनराशि बची रहे और वह अपना जीवन यापन कर सकें।

बैंक स्टेटमेंट की जांच में कई ऐसे ट्रांजेक्शन मिले हैं, जो सीधे तौर पर इसी ओर इशारा करते हैं। अब तक इस पूरे घोटाले में पुलिस तीन लोगों को ही मुख्य आरोपित मान रही थी, जिसमें शशिकांत के साथ उसके दो भाई सूर्यकांत और श्रीकांत शामिल थे।

मगर, पिछले दिनों जब इस घोटाले से जुड़ा पांचवां मुकदमा कोतवाली में दर्ज हुआ, तो कहानी बदल गई। शिकायतकर्ता आशु बंसल ने अपनी तहरीर में शशिकांत की पत्नी अर्चना मौर्य और बेटे विशुकांत को भी नामजद कर दिया।

कोतवाली पुलिस ने जब इस पांचवें मामले की गहराई से विवेचना की, तो अर्चना और विशुकांत की भूमिका भी संदिग्ध मिली। जांच में पुष्टि हुई कि निवेशकों का पैसा इनके भी खातों में आ रहा था और यहीं से खर्च भी हो रहा था।

चूंकि घोटाले की रकम का सीधा लाभ परिवार को मिल रहा था, इसलिए पुलिस ने दोनों को भी मुख्य साजिशकर्ता मानते हुए आरोपित बना दिया है। विवेचक इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि शशिकांत की पत्नी और बेटा भी मुख्य आरोपित हैं। उन्हें तलाश किया जा रहा है।

मुख्य आरोपितों की संख्या बढ़कर हुई पांच

अब इस घोटाले में मुख्य आरोपितों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। पुलिस के अनुसार अर्चना मौर्य और विशुकांत घटना के बाद से ही फरार हैं।

उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन अभी तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है, वहीं ठगी के शिकार निवेशक अपने पैसे की वापसी की मांग को लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं।

यह भी पढ़ें- बदायूं में नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी शाबान को 20 साल की सजा, कोर्ट ने 1.20 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया