मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना से किसानों को लाभ, छह लाभार्थियों का ई-लॉटरी से चयन
बदायूं में मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत छह लाभार्थियों का ई-लॉटरी से चयन किया गया है। यह योजना ...और पढ़ें

HighLights
मिनी नन्दिनी योजना में छह लाभार्थियों का चयन।
ई-लॉटरी से 3 महिला, 3 पुरुष चुने गए।
10 गायों की डेयरी पर 50% अनुदान मिलेगा।
जागरण संवाददाता, बदायूं। दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए शासन की महत्वाकांक्षी मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत जिले में छह लाभार्थियों का चयन हुआ है। नन्द बाबा दुग्ध मिशन पोर्टल पर आए आवेदनों में से ई-लाटरी के माध्यम से चयन प्रक्रिया पूरी की गई।
बुधवार को विकास भवन सभागार में सीडीओ की अध्यक्षता में चयन समिति की बैठक हुई। जिले से कुल 44 पात्र आवेदक मिले थे। उनमें से शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार तीन महिला और तीन पुरुष लाभार्थियों का चयन ई-लाटरी से किया गया। इस दौरान चयन समिति के सभी सदस्य मौजूद थे।
इस योजना में उझानी ब्लाक के गांव कठोली निवासी रचना, वजीरगंज कस्बा निवासी अक्षिता वार्ष्णेय, सहसवान के शादीपुर के राजेंद्र सिंह, दातागंज के अभयपुर के संदीप कुमार, गूरा बरेला के मुकेश चंद्र और बिसौली तहसील के गांव मोहम्मदपुर मई की गोमती शामिल हैं।
सीवीओ डा. प्रेम कुमार कोहली ने बताया कि मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत लाभार्थी को 10 गायों की डेयरी यूनिट स्थापित करने के लिए सरकार 50 प्रतिशत तक अनुदान देती है।
इसमें गिर, साहीवाल, थारपारकर जैसी उन्नत नस्ल की गायें दी जाती हैं। योजना का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और जनपद में दुग्ध उत्पादन को बढ़ाना है। चयनित लाभार्थियों को जल्द ही पशु खरीदने के लिए ऋण और अनुदान की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।
