रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत कब मिलेगी स्कूटी? आ गई तारीख; बदायूं की 56 मेधावी छात्राओं का चयन
सरकार रानी लक्ष्मीबाई स्कूटर योजना के तहत बदायूं की 56 मेधावी छात्राओं को गुलाबी स्कूटर प्रदान करेगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए इसतस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
रानी लक्ष्मीबाई स्कूटर योजना से 56 छात्राओं को लाभ।
मेधावी छात्राओं को मिलेंगे गुलाबी रंग के स्कूटर।
छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने, उच्च शिक्षा प्रोत्साहन का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, बदायूं। उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सरकार रानी लक्ष्मीबाई स्कूटर योजना धरातल पर उतरने जा रही है।
इसके तहत जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर रहीं 56 मेधावी छात्राओं को गुलाबी रंग का स्कूटर दिया जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग ने सभी पात्र छात्राओं की अंतिम सूची तैयार कर ली है। उम्मीद है कि आगामी 15 दिसंबर को समारोह आयोजित कर स्कूटर वितरित किए जाएंगे।
सूबे की सरकार ने छात्राओं के आवागमन को सुगम बनाने और उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस योजना की शुरुआत की है। योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने वाली उन छात्राओं को लाभान्वित किया जा रहा है, जिन्होंने अपने संबंधित विश्वविद्यालय या महाविद्यालय की मेधा सूची में शीर्ष पांच प्रतिशत में स्थान प्राप्त किया है।
पात्रता के लिए मेधावी होने के साथ साथ सरकार ने कुछ अन्य अनिवार्य मानक भी तय किए हैं। इसके अनुसार लाभार्थी छात्रा का प्रदेश का स्थायी निवासी होना आवश्यक है। साथ ही उसके परिवार की समस्त स्रोतों से वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
इन मानकों की गहन जांच के बाद ही छात्राओं का चयन किया गया है। शासन की मंशा के अनुरूप सभी लाभार्थियों को एक ही रंग यानी गुलाबी स्कूटर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि सड़क पर इनकी अलग पहचान बनी रहे।
उच्च शिक्षा की नोडल अधिकारी एवं राजकीय महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने बताया कि यह योजना बेटियों को स्वावलंबी बनाने की दिशा में सरकार की एक बेहद सकारात्मक पहल है।
जिले के सभी महाविद्यालयों से मेधावी छात्राओं की सूची प्राप्त होने के बाद सत्यापन पूरा कर लिया गया है। कुल 56 छात्राओं को इस योजना से लाभान्वित किया जाएगा। विभागीय तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जल्द ही वितरण की तिथि पर अंतिम मुहर लग जाएगी।