बदायूं: 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म की मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि, पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज, आरोपी फरार
बदायूं के अलापुर में चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि हुई है, जिसके प्राइवेट पार्ट पर ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
अलापुर क्षेत्र में चार वर्षीय बालिका को अगवा कर दुष्कर्म करने का मामला
शनिवार देर शाम तक आरोपित की नहीं हो सकी पहचान
जागरण संवाददाता, बदायूं। अलापुर थाना क्षेत्र में जो चार वर्षीय बालिका बदहवास स्थिति में मिली, मेडिकल रिपोर्ट में उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। साथ ही उसके प्राइवेट पार्ट पर गहरे जख्म मिले हैं। शरीर पर भी कई जगह चोटें आई हैं। अभी तक आरोपित का कुछ पता नहीं चला है। उसकी तलाश को थाना पुलिस और अधिकारी देर शाम गांव में जमे रहे।
चार वर्षीय बालिका गुरुवार शाम गांव में घर के बाहर ताजिये देख रही थी। उस दौरान भीड़भाड़ ज्यादा थी। तभी कोई व्यक्ति बालिका को बहला फुसलाकर ले गया। देर शाम तक कुछ पता नहीं चला तो स्वजन ने गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस व स्वजन रात भर ढूंढ़ते रहे, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे गांव के लोगों ने नजदीकी मक्का के खेत में उसको रोते हुए सुना। परिवार वाले पहुंचे और थाना पुलिस को उसकी हालात के बारे में पता चला तो हलचल मच गई। उसके बाद बालिका को महिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
शनिवार दोपहर पुलिस ने दावा किया कि बालिका के साथ दुष्कर्म हुआ है और उसके शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। यह भी पता चला है कि उसके प्राइवेट पार्ट पर चोट आई है।
इसमें पुलिस ने दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धारा बढ़ाते हुए अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अभी आरोपित का पता नहीं चला है। पुलिस का दावा है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
संदिग्धों से पूछताछ
पुलिस ने गांव के कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। देर शाम तक पुलिस उनसे जानकारी जुटाती रही, लेकिन रात आठ बजे तक कोई बात स्पष्ट नहीं हो पाई।
बालिका के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। इससे दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धारा बढ़ाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसकी जांच को टीम लगी है। जल्द ही आरोपित का नाम पता उजागर कर दिया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- अंकिता शर्मा, एसएसपी
यह भी पढ़ें- बदायूं में दरिंदगी: घर के बाहर ताजिया देख रही 4 साल की बच्ची लापता, सुबह मक्के के खेत में मिली लहूलुहान
