8984.83 लाख के विकास कार्यों का शिलान्यास
बदायूं प्रदेश सरकार की ओर से शुक्रवार को बदायूं वासियों के लिए विकास का पिटारा खोला
बदायूं : प्रदेश सरकार की ओर से शुक्रवार को बदायूं वासियों के लिए विकास का पिटारा खोला गया। करीब 8984.83 लाख रुपये से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास सामूहिक रूप से किया गया।
बदायूं क्लब में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ दर्जा राज्यमंत्री बीएल वर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य ने किया। इस मौके पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार ने सबका साथ, सबका विकास का जो नारा दिया था उसी के तहत वह कार्य करा रही है। सभी जाति वर्गों के हित को ध्यान में रखते हुए सरकार ने योजनाएं संचालित की हैं। दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि उनकी सरकार बगैर भेदभाव के कार्य कर रही है। शेखूपुर विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने कहा कि उनकी सरकार में जो विकास कार्य हुए हैं वह ऐतिहासिक हैं। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से 227 मार्गो की कुल लंबाई 513.465 किलोमीटर एवं लागत 8984.83 लाख रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया है। बिल्सी विधायक आरके शर्मा, सीडीओ निशा अनंत, अधिशासी अभियंता निर्माण एवं प्रांतीय खंड प्रमोद कुमार, अधिशाषी अभियंता निर्माण खंड द्वितीय हेमंत सिंह आदि मौजूद रहे। विधायकों ने सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करते हुए सबका साथ, सबका विकास का नारा दिया।