लॉक डाउन उल्लंघन में 15 मुकदमे, 60 गिरफ्तार
जेएनएन बदायूं लॉक डाउन के दौरान अब कोई भी घर से बाहर निकला तो अपील नहीं सीधा कार्र
जेएनएन, बदायूं : लॉक डाउन के दौरान अब कोई भी घर से बाहर निकला तो अपील नहीं सीधा कार्रवाई की जाएगी। दो दिन तक लगातार अपील के बाद भी कुछ लोगों के बाहर निकलने की वजह से पुलिस प्रशासन अब एक्शन मोड में आ गया है। शुक्रवार को डीएम कुमार प्रशांत और एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी के आदेश पर पुलिस ने लॉक डाउन उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसते हुए 15 लोगों पर मुकदमा दर्ज किए और अलग अलग स्थानों से 60 लोगों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही 77 वाहन सीज किए गए। करीब 40 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। गिरफ्तार किए गए लोगों को जेल भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
स्थानीय स्तर पर अपील के बाद भी जो लोग नहीं मान रहे हैं उनके खिलाफ लॉक डाउन और धारा 144 के उल्लंघन की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सीधा जेल भेजने का अभियान शुक्रवार से शुरू किया गया। प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक कोरोना वायरस से निपटने के लिए लॉक डाउन के दौरान घरों में ही रहने की सभी से अपील कर रहे हैं। किसी को कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए घर बैठे जरूरत का सामान भेजा जा रहा है, सभी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। सरकार के आह्वान पर प्रशासन भी सभी से सहयोग की अपील कर रहा है। अधिकांश लोग सरकार का सहयोग कर रहे हैं। मगर, कुछ लोग अभी भी घरों से बाहर निकलने में अपनी शान समझ रहे हैं। इधर, कोरोना वायरस का खतरा लगातार बना हुआ है। ऐसी स्थिति में अब घरों से बाहर निकलने वालों से अब पुलिस निपटेगी। ताकि जिले को इस संकट से बचाया जा सके। इसके लिए अब जो भी घर के बाहर या रोड पर मिला तो उसको तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा। शुक्रवार को शाम तक जिले में अलग अलग थाना क्षेत्र में पुलिस ने लॉक डाउन उल्लंघन करने वालों पर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने 60 लोगों को गिरफ्तार करते हुए 15 मुकदमा दर्ज किए और एक साथ 77 वाहन सीज किए गए। एक दिन में 77 वाहन सीज यह जिले में अब तक की पहली कार्रवाई है। एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अब लोगों को घर पहुंचने की छूट मिल चुकी है, अब सख्ती बरती जाएगी। वर्जन :: अधिकांश लोग घरों में रहकर लॉक डाउन का पालन कर प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में अब भी भीड़ लगने की सूचनाएं मिल रही हैं। बाहर से आए लोगों को बसों का इंतजाम कर उनके घर के करीब तक पहुंचा दिया गया है। अब सख्ती की जाएगी। जो भी लॉक डाउन का उल्लंघन करता मिलेगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- अशोक कुमार त्रिपाठी, एसएसपी टीजी टू पर लिख दिया मुकदमा
जासं, बदायूं : कार्यशाला बिजलीघर पर तैनात टीजी टू (तकनीकि ग्रेड टू) कर्मचारी केतन शर्मा गुरुवार को शास्त्रीनगर स्थित अपने घर से बिजलीघर जा रहे थे। रास्ते में मिली पुलिस ने उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया। साथ ही लॉक डाउन तोड़ने के आरोप में मुकदमा भी दर्ज कर लिया। रात आठ बजे उन्हें छोड़ा गया। शुक्रवार को अन्य कर्मचारियों को इसकी जानकारी हुई तो वे आक्रोशित हो गए। हालांकि अधिकारियों ने उन्हें समझाकर शांत कर लिया। साथ ही पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर मामला निरस्त कराने का आश्वासन भी दिया है।