खतरा निशान से 33 सेमी ऊपर पहुंचा घाघरा का जलस्तर
आजमगढ़ : सगड़ी क्षेत्र के देवारा में बहने वाली घाघरा नदी अब कहर बरपाना शुरू कर दी है।
आजमगढ़ : सगड़ी क्षेत्र के देवारा में बहने वाली घाघरा नदी अब कहर बरपाना शुरू कर दी है। लगातार घाघरा नदी के जलस्तर में बढ़ोत्तरी हो रही है। मंगलवार को घाघरा नदी खतरा ¨बदु से 33 सेमी के ऊपर पहुंच गई। जलस्तर में डिघिया गेज पर 33 सेमी बढ़ोत्तरी के साथ ही 71.73 मीटर पर पहुंच गया है जबकि खतरा ¨बदु 71.40 है। पानी की रफ्तार तेज होने के कारण कटान जारी है। डिघिया गेज पर नदी का जलस्तर 70.70 मीटर रहा जबकि शाम नदी का जलस्तर 70.73 मीटर पर दर्ज किया गया। वहीं बदरहुआ गेज पर मंगलवार की सुबह नदी का जलस्तर 71.50 मीटर रहा जबकि शाम को नदी का जलस्तर 71.56 मीटर पर दर्ज किया गया। घाघरा के तटवर्ती गांव के लोग अपना घर छोड़ बंधे पर शरण लिए हुए हैं। कई गांव के संपर्क मार्ग डूब जाने से आवागमन बाधित हो गया है। महराजगंज ब्लाक के सेमरी गांव में आबादी की जमीन सहित सैकड़ों बीघा खेती योग्य भूमि का कट चुकी है।
गोपालपुर विधानसभा से विधायक नफीस अहमद ने मंगलवार को आराजी सेमरी गांव पहुंचकर कटान पीड़ितों को बाढ़ राहत सामग्री का वितरित किया। नायब तहसीलदार इंद्रमणि तिवारी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किए। उन्होंने लेखपाल को निर्देश दिया कि घाघरा में समाहित भूमि का आकलन कर आख्या रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करे। हरैया ब्लाक के देवारा खास राजा के मुराली के पूरा व त्रिलोकी के पूरा की आबादी की जमीन के साथ-साथ खेती योग्य जमीन नदी में समाहित हो रही है। घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ने से गन्ना, धान, ज्वार, बाजरा व सब्जी की फसल डूब कर बर्बाद हो रही है। सपर्क मार्ग डूबने के बाद घाघरा का पानी गांव को चारों तरफ से घेरना शुरू कर दिया है। खरैलिया ढाला से सोनौरा संपर्क मार्ग, मानिकपुर से मानिकपुर नई बस्ती संपर्क मार्ग, शाहडीह से बांका संपर्क मार्ग, हाजीपुर से चक्की हाजीपुर संपर्क मार्ग डूब जाने आवागमन बाधित है। मानिकपुर से मानिकपुर नई बस्ती संपर्क मार्ग पर प्रशासन द्वारा एक नाव की व्यवस्था की गई है। बाढ़ चौकियों का संचालन अभी तक नहीं हुआ है।