बारिश के चलते गिरी दीवार, वृद्ध की दबकर मौत
निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां गांव में शनिवार की रात को बारिश के चलते कच्ची दीवार अचानक गिर गयी। जिससे घर में सो रहे वृद्ध की मलबे में दब जाने से मौत हो गयी।
जागरण संवाददाता, फरिहां (आजमगढ़) : निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां गांव में शनिवार की रात बारिश के चलते कच्ची दीवार अचानक गिर गई। घर में सो रहे वृद्ध पतिराम राम (60) की दीवार के मलबे में दबकर मौत हो गई। पुलिस शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
फरिहां गांव की अनुसूचित बस्ती के निवासी पतिराम राम अपने कच्चे मकान में शनिवार की रात सो रहे थे। स्वजनों का कहना है कि रात में अचानक उनके मकान की कच्ची दीवार गिर गई। दीवार के मलबे में दब जाने से पतिराम की मौत हो गयी। वृद्ध की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। स्वजनों ने घटना की सूचना प्रशासन को दी। सुबह तक जिम्मेदारों एवं कर्मियों के नहीं पहुंचे। सीओ सदर मोहम्मद अकमल खान के निर्देश पर फरिहां चौकी प्रभारी रत्नेश दूबे ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत पतिराम के दो पुत्र व एक पुत्री हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से हो रही मुसलधार बारिश के गांव में जलजमाव होने से कच्चे मकानों की शामत आने लगी है। कई घरों के गिरने की आशंका से लोग सहमे हुए हैं।