CBSE नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में यूपी का जलवा, अंडर-17 में वाराणसी की टीमों ने जीते तीन गोल्ड
आजमगढ़ के हरिश्चंद्र मिश्रा पब्लिक स्कूल में सीबीएसई राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता संपन्न हुई, जिसमें देश भर से 657 खिलाड़ियों ने भाग लिया।

राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के अंडर-14 में हरियाणा और 17 में वाराणसी का परचम।
HighLights
सीबीएसई राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता आजमगढ़ में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
अंडर-14 में हरियाणा, अंडर-17 में वाराणसी ने स्वर्ण पदक जीते।
657 खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में प्रतियोगिता में भाग लिया।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। सरायमंदराज स्थित हरिश्चंद्र मिश्रा पब्लिक स्कूल में एक से छह अक्टूबर तक आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता मंगलवार को संपन्न हो गई।
प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए करीब 657 खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्गों में प्रतिभाग किया। समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक, प्रमाण पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इंडियन राउंड के अंडर-14 वर्ग में मेगा माइंड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, तोशाम हरियाणा के अमन, अभिनव, मयंक और योगेश ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-17 में सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल वाराणसी के अथर्व जायसवाल, अभय प्रताप और डिंकर तथा अंडर-19 में देव गुरुकुल के तिलक, आरव और विराज की टीम स्वर्ण पदक विजेता रही।
रिकर्व वर्ग के अंडर-14, अंडर-17 व अंडर-19 तथा कंपाउंड राउंड के तीनों आयु वर्गों में भी विजेता टीमों ने स्वर्ण पदक हासिल किए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्योति रिछारिया ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। इससे विद्यार्थियों और युवा खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रेरणा मिलेगी। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
