आजमगढ़ में छठ पर पूजा के दौरान पोखरे में डूबने से शिक्षामित्र समेत दो की मौत
आजमगढ़ में छठ पूजा के दौरान दो अलग-अलग घटनाओं में शिक्षामित्र सहित दो लोगों की पोखरे में डूबने से मौत ...और पढ़ें

आजमगढ़ में छठ पूजा पर दो की मौत शिक्षामित्र भी शामिल।
HighLights
शिक्षामित्र जितेंद्र यादव की पोखरे में डूबने से मौत।
तीन वर्षीय अर्पित भी छठ पूजा के दौरान डूबा।
आजमगढ़ में छठ पूजा की खुशियां मातम में बदलीं।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्र अंतर्गत डाला छठ पर पूजा के दौरान पोखरे में डूबने से शिक्षामित्र समेत दो की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही घाटों पर हलचल मच गई,सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। तरवा थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी 40 वर्षीय जितेंद्र यादव गांव के एक प्राथमिक विद्यालय हडौरा में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थे।
रविवार की शाम छठ पर स्वजन संग कंचनपुर स्थित मलकानी बाबा पोखरे पर पूजा करने के लिए गए थे। स्वजन ने बताया कि पूजा के दौरान पानी में अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट के किनारे तैनात गोताखोरों की मदद से कुछ देर बाद जितेंद्र को पोखरे से बरामद कर लिया गया।
इस दौरान स्वजन आनन-फानन उसे नजदीकी सीएचसी ले गए जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से त्योहार की खुशियां मातम में बदल गई। उधर कंधरापुर थाना क्षेत्र के बर्जी गांव निवासी तीन वर्षीय अर्पित घर से कुछ दूर स्थित अन्य बच्चों के साथ छठ पूजा देखने के लिए जा रहा था।
घर के पास पाेखरी के रास्ते होकर जाते समय अचानक पैर फिसल गया और पोखरी में डूब गया। घाट पर अर्पित के नहीं पहुंचने पर स्वजन उसे ढूंढ़ने लगे, गांव के एक व्यक्ति ने अर्पित का उतराया हुआ शव देख स्वजन को सूचना दी। घटना के बाद से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।