शादी के दौरान दूल्हा नदारद, भांजे से हुई शादी
रानी की सराय क्षेत्र के चकसेठवल गांव में रविवार को आई बारात के दौरान दूल्हा ही नदारद रहा। इस पर घरातियों ने दूल्हे के मामा समेत अन्य बारातियों को बंधक बना लिया। दूल्हे के भांजा से जब शादी होने के बाद ही बंधक बनाए गए लोग दूसरे दिन मुक्त हुए।
रानी की सराय, आजमगढ़ : रानी की सराय क्षेत्र के चकसेठवल गांव में रविवार को आई बारात के दौरान दूल्हा ही नदारद रहा। इस पर घरातियों ने दूल्हे के मामा समेत अन्य बरातियों को बंधक बना लिया। लड़की की शादी जब दूल्हे के भांजा से कराई गई, इसके बाद दूसरे दिन बंधक बनाए गए लोग मुक्त हुए। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
अहरौला थाना क्षेत्र के भुजही गांव निवासी रामबृक्ष पुत्र रामफल दिल्ली के फल मंडी में पल्लेदारी करता है। रामबृक्ष की चार वर्ष पूर्व शादी हो चुकी है। उसने चकसेठवल गांव निवासी अशोक की पुत्री बबिता से 22 सितंबर को कोर्ट मैरिज कर दूसरी शादी कर ली थी। कोर्ट मैरिज के बाद उसने लड़की पक्ष के घर 18 नवंबर को बरात लेकर आने की तिथि निर्धारित की थी।
निर्धारित तिथि के अनुसार रविवार को दूल्हे के मामा डीजे के साथ बरात लेकर लड़की पक्ष के दरवाजे पर पहुंच गए, जबकि दूल्हा दिल्ली से स्वयं आने की बात कहा था। इधर बरात आने तक वह दुल्हन से मोबाइल पर बात भी कर रहा था। दूल्हे का पिता उसे लाने के लिए रानी की सराय चेक पोस्ट पर वाहन लेकर रात तक इंतजार करते रह गए, जब वह नहीं आया तो पिता वहां से घर चले गए। दूल्हे के न आने की खबर जब लड़की पक्ष को हुई तो उन्होंने दूल्हे के मामा समेत अन्य बरातियों को बंधक बना लिया, जबकि अधिकतर बराती वहां से खिसक लिए थे। बंधक बनाए जाने की खबर पाकर पुलिस भी पहुंच गई। पंचायत के बाद दूल्हे के भांजा रवींद्र ग्राम बीबीपुर थाना तहबरपुर से शादी हुई तब जाकर लड़की पक्ष के लोगों ने दूसरे दिन सुबह बंधक बनाए गए बरातियों को छोड़ा।