मच्छर के लार्वा मिलने पर दस लोगों को नोटिस
आजमगढ़ संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मच्छर के लार्वा मिलने पर दस घरों को नोटिस जारी की गई। इसके साथ ही लोगों को साफ-सफाई रखने एवं गंदगी न फैलाने के लिए जागरूक भी किया गया। संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डा. एके सिंह ने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर तक संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़ा का आयोजन किया गया था।
जासं, आजमगढ़ : संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मच्छर के लार्वा मिलने पर दस घरों को नोटिस जारी की गई। इसके साथ ही लोगों को साफ-सफाई रखने एवं गंदगी न फैलाने के लिए जागरूक भी किया गया। संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डा. एके सिंह ने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर तक संचारी रोग नियंत्रण पखवारा का आयोजन किया गया था। इस अभियान में डेंगू एवं अन्य मच्छर जनित रोगों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ विभागीय निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई। जरूरतमंद स्थानों पर लार्वा रोधी रसायन का छिड़काव भी किया गया। डा. सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर भ्रमण किया। जांच के दौरान मच्छर जनित बीमारियों की आशंका मिलने पर दस घरों को नोटिस जारी की गई। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा जारी नोटिफिकेशन की प्रतिलिपि अधिशासी अधिकारी नगर पालिका व नगर पंचायत को भेजी गई। डेंगू रोग एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों से बचाव के संदर्भ में अनुपालन न होने की स्थिति में घर के मुखिया को नोटिस के साथ आर्थिक दंड देने का भी प्रावधान है।