दो पक्षों में मारपीट-फायरिग, किशोर घायल
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नरहन खास गांव में रामलीला के दौरान मंच पर चढ़ने को लेकर दो पक्षों के बीच सोमवार की रात को विवाद हो गया। विवाद के बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडा से जमकर संघर्ष हुआ।
जागरण संवाददाता, सगड़ी (आजमगढ़) : जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नरहन खास गांव में रामलीला के दौरान मंच पर चढ़ने को लेकर दो पक्षों के बीच सोमवार की रात को विवाद हो गया। विवाद के बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडा से जमकर संघर्ष हुआ। संघर्ष के दौरान एक पक्ष से की गई फायरिग में गोली लगने से दूसरे पक्ष का एक किशोर घायल हो गया। वहीं लाठी डंडा के हमले से दोनों पक्षों के आठ अन्य लोग भी घायल हो गए।
नरहन खास गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास नौ अक्टूबर से रामलीला का मंचन चल रहा है। सोमवार की रात को रामलीला का मंचन चल रहा था कि उसी दौरान कुछ युवक मंच पर चढ़ने का प्रयास करने लगे। रामलीला समिति के अध्यक्ष सुधाकर यादव ने मना किया। इसी बात को लेकर दो पक्षों के युवकों के बीच आपस में विवाद हो गया। विवाद के बाद उनमें लाठी डंडा से मारपीट होने लगी। मारपीट में दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गए। ग्रामीणों के हस्तक्षेप करने पर मामला शांत हो गया। कुछ देर बाद रात को लगभग साढ़े बारह बजे राजू यादव पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर पर चढ़कर तोड़फोड़ करने लगे। घर के बाहर खड़ी बाइक, कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं पास में घर के बाहर सो रहे 17 वर्षीय रोशन मौर्य पुत्र लालमन मारपीट होते देख वह चारपाई से उठ कर भागना चाहा। तभी हमलावर पक्ष के लोगों ने असलहे से गोली चला दी। रोशन के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर मौके से भाग गए। घायल रोशन को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं 36 वर्षीय सुधाकर यादव, 17 वर्षीय मनीष मौर्य, 15 वर्षीय गुड्डू, 17 वर्षीय रिकू, 18 वर्षीय राजू यादव समेत अन्य घायलों का डाक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद छोड़ दिया। इस घटना के संबंध में दोनों पक्ष के लोगों ने एक दूसरे के खिलाफ जीयनपुर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने चार लोगों का शांति भंग की धारा में चालान कर दिया।