'स्पीड गवर्नर' वाहनों की गति पर लगाएगा 'ब्रेक'
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : तेज रफ्तार वाहन से हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए परि
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : तेज रफ्तार वाहन से हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए परिवहन विभाग तैयारी कर रहा है। इसके लिए आरटीओ को कामर्शियल वाहनों में स्पीड गवर्नर (स्पीड लिमिट डिवाइस) लगवाने का निर्देश हुआ है। विभाग द्वारा चिह्नित कर डंपर, स्कूली बस, स्कूली वैन सहित कामर्शियल वाहनों में स्पीड गवर्नर लगवाने की प्रक्रिया चल रही है।
परिवहन विभाग के अनुसार ज्यादातर सड़क दुर्घटनाएं तेज रफ्तार वाहनों के कारण होती है। परिवहन विभाग गति पर ब्रेक लगाने के लिए वाहनों में स्पीड गवर्नर डिवाइस लगाने की तैयारी की जा रही है। यह डिवाइस डंपर, स्कूली बस, स्कूली सहित कुछ चिह्नित कामर्शियल वाहनों में लगाया जा रहा है। निर्धारित गति से तेज चलने पर वाहन में अचानक ईंधन की सप्लाई बंद हो जाएगी, जिससे वाहन रुक जाएगा। विभिन्न कंपनियों के डिवाइस विभिन्न मूल्यों में उपलब्ध है। डिवाइस लगाने के बाद वाहन चालक को सार्टफिकेट दिया जाएगा। शासन के निर्देश पर दो पहिया, तीन पहिया, चार पहिया, अग्निशमन, एंबुलेंस, पुलिस वाहन सहित अन्य वाहनों में डिवाइस न लगाने की छूट दी गई है।
----------
-चिह्नित कामर्शियल वाहनों में स्पीड गवर्नर डिवाइस लगाने का कार्य किया जा रहा है। इसी वर्ष सभी वाहनों में डिवाइस लगा दिया जाएगा। डिवाइस लगाने पर वाहन 40 की स्पीड से ऊपर नहीं चल पाएंगे। इससे दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी। - बृजेश यादव, संभागीय निरीक्षक आजमगढ़।