सो रहे युवक को मारी गोली, घायल
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चकमोजनी गांव में बुधवार की रात को घर के बाहर सो रहे एक युवक को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। युवक के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे परिजनों ने
जागरण संवाददाता, लालगंज (आजमगढ़) : देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चकमोजनी गांव में बुधवार की रात को घर के बाहर सो रहे एक युवक को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। युवक के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने इस घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
चकमोजनी गांव निवासी 22 वर्षीय मोहित चौहान पुत्र घुरहू चौहान बुधवार की रात को भोजन करने के बाद घर के सामने चारपाई डालकर सो रहा था। परिजन का कहना है कि रात को लगभग एक बजे सोते समय अज्ञात हमलावर ने लक्ष्य कर उसे गोली मार दी। गोली मारने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। हमलावर द्वारा चलायी गयी गोली मोहित के हाथ में लगने से वह घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग भी बाहर आ गए। उन्होंने घायलावस्था में मोहित को देवगांव कोतवाली ले गए। पुलिस ने उसे लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। इस घटना की खबर पाकर सीओ लालगंज अजय कुमार यादव व देवगांव कोतवाल सुनील चंद तिवारी भी गुरुवार की सुबह मौके पर पहुंच कर घटना की छानबीन शुरू कर दी। देवगांव कोतवाल का कहना है कि इस घटना का मुकदमा दर्ज कर हमलावर की तलाश की जा रही है।