पूर्वांचल में राजनीतिक माहौल गरमा गए डा. संजय निषाद, कभी बाइक कभी ई रिक्शा तो पैदल भी नापी सियासी डगर
अतरौलिया, आजमगढ़ में निषाद पार्टी के संवैधानिक अधिकार महासम्मेलन में डॉ. संजय निषाद ने निषाद समाज से अपने हक और अधिकारों के लिए एकजुट होने और शिक्षित बनने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि निषाद पार्टी आजमगढ़ की तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जिसमें अतरौलिया भी शामिल है।

डॉ संजय निषाद ने अतरौलिया में निषाद समाज को एकजुट होने का संदेश दिया।
HighLights
निषाद समाज को हक और अधिकार के लिए एकजुट होना होगा।
शिक्षा के माध्यम से निषाद समाज अपनी पहचान बनाए।
निषाद पार्टी आजमगढ़ की तीन सीटों पर लड़ेगी चुनाव।
जागरण संवाददाता, अतरौलिया (आजमगढ़)। निषाद पार्टी की ओर से अतरौलिया में आयोजित संवैधानिक सुरक्षा अधिकार महासम्मेलन में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद अलग-अलग अंदाज में नजर आए। कभी बाइक की सवारी तो कभी पैदल यात्रा और फिर ई-रिक्शा पर सफर करते देख कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह रहा।
अतरौलिया खंड विकास कार्यालय के सामने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद मंत्री खुद बाइक चलाते हुए निरीक्षण भवन पहुंचे। यहां से करीब दो किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। सम्मेलन समाप्त होने के बाद कार्यकर्ताओं से घिरे डा. संजय निषाद ई-रिक्शा पर सवार हुए और करीब दो किलोमीटर तक सफर किया। इसके बाद वह अपने काफिले के साथ गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के मत्स्य मंत्री डा. संजय निषाद ने कहा कि अपने हक और अधिकारों को पाने के लिए निषाद समाज के लोगों को एकजुट होना पड़ेंगा। निषाद समाज में गरीबी एक बीमारी है, जिसका इलाज सिर्फ समझदारी है। कुछ लोग निषाद समाज के लोगों को गुमराह करने का कार्य कर रहे हैं, ऐसे लोगों से सतर्क रहने की आवश्यकता है। कहा कि जो लोग निषाद पार्टी का झंडा लिए हैं, वह हमारे भाई हैं। आज यादव समाज के लोग एकजुट होकर सपा को वोट कर रहे हैं। अनुसूचित जाति के लोग बसपा को वोट दे रहे हैं। मगर निषाद समाज 18 होने के बावजूद अपनी पहचान नहीं बना सका है।
अतरौलिया क्षेत्र के भोजपुरी स्थित कांटा वाली बाग में निषाद पार्टी द्वारा आयोजित संवैधानिक अधिकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि निषाद समाज के लोगों को शिक्षित होना होगा। झोपड़ी वाले कमा रहे हैं और दिमाग वाले खा रहे हैं। झोपड़ी वालों को मारा-पीटा भी जा रहा है, अगर इससे छुटकारा पाना है तो समाज के लोग निषाद पार्टी के बैनर तले आए और अपनी ताकत दिखाएं।
उन्होंने पीएम मोदी और सीएम योगी की तारीफ करते हुए कहा कि 25 करोड़ रुपए सालाना बजट निषाद समाज के लोगों को पढ़ाई लिखाई के लिए दे रहें है, जिससे कि पढ़ लिखकर अपनी पहचान बनाएं। राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत कुमार सिंह ने कहा कि अतरौलिया की जनता ने बता दिया कि यहां पर किसकी हवा चल रही है। प्रवीण निषाद ने कहा कि अब निषाद समाज के लोग बिकने वाले नहीं है। मालती देवी, मोहरा अली, नीरज कुमार, अब्दुल रशीद, शाहिद आदि मौजूद रहे।
अतरौलिया ही नहीं जिले की तीन सीटों पर होगा निषाद पार्टी का प्रत्याशी
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय निषाद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अतरौलिया ही नहीं, जिले की तीन सीटों पर निषाद पार्टी के प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। कुछ लोग गलतफहमी में हैं, जो पूरे प्रदेश को छोड़कर अतरौलिया से चुनाव लड़ने की मंशा पाले हुए हैं। आजमगढ़ की सभी दस विधानसभा सीटें राजनीतिक रूप से बेहद चर्चित हैं।
यहां की सभी दस सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र में निषाद पार्टी को सबसे अधिक वोट मिले हैं। डा. संजय ने निषाद पार्टी अपने समाज के लोगों को टिकट नहीं देती, इन आरोपों के बारे में कहा कि कुछ छुटभैये नेता इस तरह के आरोप लगाते हैं।
निषाद समाज के जो लोग पार्टी का झंडा उठाकर साथ खड़े हैं, वे सभी उनके भाई हैं। समाज के कुछ लोगों ने पार्टी का झंडा उठाने से इनकार कर दिया, ऐसी स्थिति में पार्टी को दूसरे समाज के लोगों को भी टिकट देना पड़ा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।