'रंग बदलने में माहिर हैं अखिलेश यादव, अब लाल टोपी से भी लगने लगा डर', आजमगढ़ में बोले ओपी राजभर
ओमप्रकाश राजभर ने आजमगढ़ में अखिलेश यादव पर निशाना साधा, उन्हें 'रंग बदलने में माहिर' बताया और लाल टोपी से डरने का आरोप लगाया।

रंग बदलने में माहिर हैं सपा प्रमुख अखिलेश, अब लाल टोपी से भी लगने लगा डर: ओमप्रकाश।
HighLights
राजभर ने अखिलेश यादव को 'रंग बदलने में माहिर' बताया।
सपा पर दलित विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया।
अखिलेश की हाईटेक बस यात्रा पर भी कसा तंज।
जागरण संवाददाता, अतरौलिया (आजमगढ़)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शनिवार को अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा।
पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत मे कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव रंग बदलने में माहिर हो गए हैं। अब उन्हें सपा की पहचान बन चुकी लाल टोपी से भी डर लगने लगा है। कहा कि सपा दलितों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
सुभासपा अध्यक्ष ने वर्ष 1995 के लखनऊ गेस्ट हाउस कांड का जिक्र करते हुए सपा पर दलित विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया। कहा कि सपा सरकार में दलित अधिकारियों-कर्मचारियों के पदोन्नति में आरक्षण समाप्त किया गया और दलित महापुरुषों के नाम पर बने कुछ जिलों व संस्थानों के नाम बदले गए।
कहा कि अब अखिलेश यादव नीला गमछा पहनकर दलित हितैषी बनने का प्रयास कर रहे हैं। कहा कि अब सपा को भगवा रंग और सनातन की याद आ रही है। अखिलेश यादव की प्रस्तावित यात्रा के लिए तैयार की गई करीब 20 करोड़ रुपये की हाईटेक बस को लेकर भी राजभर ने तंज कसा। कहा कि बस से निकलकर अखिलेश यादव जनता को केवल ''टाटा'' करेंगे।
सपा नेता माता प्रसाद पांडेय से मुलाकात के सवाल पर कहा कि उनसे कोई मुलाकात नहीं हुई है। डा. संजय निषाद से मुलाकात को सामान्य शिष्टाचार बताया। यूपीआई लेन-देन पर अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने की खबरों को भ्रामक बताया। कहा कि 95 प्रतिशत आम नागरिकों और छोटे दुकानदारों पर इसका कोई अतिरिक्त भार नहीं पड़ेगा।
