बारिश ने कहर ढाया, पांच की मौत
आजमगढ़ जिले में अनवरत हो रही मुसलाधार बारिश व आंधी अलग-अलग क्षेत्रों में कहर बरपाया। बारिश के चलते मकान मड़ई व दीवार ढहने से जहां तीन बालक समेत पांच लोगों की मौत हो गयी। वहीं इस हादसे में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : जिले में अनवरत हो रही मूसलधार बारिश व आंधी ने अलग-अलग क्षेत्रों में कहर बरपाया। बारिश के चलते मकान, मड़ई व दीवार ढहने से जहां तीन बालक समेत पांच लोगों की मौत हो गयी, वहीं आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
बिद्राबाजार प्रतिनिधि के अनुसार-गंभीरपुर थाना क्षेत्र के दयालपुर में शनिवार की रात्रि में गायत्री यादव पुत्र रामनाथ यादव की कच्चे मकान के दीवार गिर गई थी। बगल में ईंट दीवार से परिवार के लोग शनिवार की सुबह ईंट निकाल रहे थे कि पास में खड़ी कच्ची दीवार गिर गई। इसमें 63 वर्षीय गायत्री पुत्र रामनाथ, उनका पुत्र 35 वर्षीय जीत नारायण, दस वर्षीय पौत्र आदित्य यादव, आठ वर्षीय अर्पित यादव दब गए। इसमें अर्पित यादव की मौत हो गई। सूचना पाकर परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पाकर स्थानीय लेखपाल राजेश राय ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया।
दीदारगंज प्रतिनिधि के अनुसार-थाना क्षेत्र के पुष्पनगर निवासी 80 वर्षीय सूर्यनाथ मिश्र के ऊपर शुक्रवार की रात 11 बजे मड़ई गिर गई। इससे उसी मौत हो गई। सूचना पाकर तहसीलदार मार्टीनगंज प्रेम कुमार राय ने पहुंच कर मामले की जानकारी ली।
अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुसार-क्षेत्र के मनवरपुर ग्राम मे अपने रियायशी मंडई में सो रही 69 वर्षीय खरपति देवी पत्नी राम निहोर मड़ई गिरने से दब गई। इससे उनकी मौत हो गई। पुलिस व क्षेत्रीय लेखपाल मौकेपर पहुंच कर जांच-पड़ताल की।
रौनापार प्रतिनिधि के अनुसार-रौनापार थाना क्षेत्र के हैदराबाद में शुक्रवार की रात मड़ई गिरने से 9 वर्षीय प्रियांशु पुत्र सुरेश की मौत हो गई।
अहरौला प्रतिनिधि के अनुसार-थाना क्षेत्र के छतौना आछेपूर में बीती रात एक बजे बेनी माधव विश्वकर्मा छप्पर में परिवार के साथ सो रहे थे। इसी दौरान अचानक पश्चिम तरफ पड़ोसी का कच्चा मकान बेनी माधव के छप्पर वाले मकान पर गिर गया। इसमें दबकर 10 वर्षीय आंसू पुत्री रामफेर विश्वकर्मा की मौत हो गई। इस दौरान 35 वर्षीय मनीषा पत्नी संतोष, 13 वर्षीय खुशी पुत्री रामफेर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
बिलरियागंज प्रतिनिधि के अनुसार-शुक्रवार की रात में बिलरियागंज थाना क्षेत्र के भैंसहा गांव में रामधारी राजभर का टीनशेड व कच्चा बरामदा ढह गया। वहां सो रही 18 वर्षीय पिकी पुत्री राजू घायल हो गयी। परिजनों ने घायल को काफी मशक्कत के बाद मलबे से बाहर निकाला।