कोहरे के कारण पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तीन वाहन आपस में टकराए, कई लोग घायल
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण रविवार सुबह तीन वाहन आपस में टकरा गए, जिसमें कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं।

HighLights
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे से तीन वाहन आपस में टकराए।
हादसे में कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं, उपचार के बाद रवाना।
कोहरे के कारण घटाई गई गति सीमा के बावजूद हुआ हादसा।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार की सुबह घने कोहरे के चलते तीन वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं। घटना सुबह करीब छह बजे की है।
बताया जा रहा है कि लखनऊ से गाजीपुर होते हुए बिहार की ओर जा रहे वाहन कोहरे के कारण आपस में टकरा गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे यूपीडा के कर्मियों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
विदित हो कि कुछ दिन पहले ही सर्दियों में कोहरे और धुंध के कारण सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति सीमा घटा दी गई है।
इसके तहत दिन और रात के लिए अलग-अलग गति सीमा निर्धारित की गई है। पहले चरण में कार सहित आठ या उससे कम सीट वाले यात्री वाहनों की अधिकतम गति सीमा सुबह आठ से रात आठ बजे तक 100 किमी प्रति घंटा और रात आठ से सुबह आठ बजे तक 80 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है। पहले इन वाहनों की अधिकतम गति सीमा 120 किमी प्रति घंटा थी।
वहीं नौ या उससे अधिक सीट वाले यात्री वाहनों (बस आदि) की गति सीमा दिन में 80 और रात में 60 किमी प्रति घंटा तय की गई है। मालवाहक वाहनों की गति सीमा घटाकर दिन में 60 और रात में 50 किमी प्रति घंटा कर दी गई है।