विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर साल 2026 में 19 हादसों में 26 लोगों की गई जान, तीन सालों में हुईं 948 मौतें

Published: Fri, 20 Nov 2026 03:33 PM (IST)

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर इस वर्ष 19 हादसों में 26 लोगों की जान गई है, जबकि आजमगढ़ जिले में पिछले तीन वर्षों (2024-2026) में कुल 948 लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मौत हुई है।   

इस तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

इस तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

HighLights

  1. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 19 हादसों में 26 लोगों की मौत।

  2. आजमगढ़ में तीन वर्षों में 948 सड़क दुर्घटना मौतें दर्ज।

  3. कोहरे के कारण एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति सीमा घटाई गई।

जागरण संवाददाता, आजमगढ़। सड़क सुरक्षा के तमाम प्रयासों के बावजूद जिले में सड़क हादसों और उनमें जान गंवाने वालों की संख्या में कमी नहीं आ रही है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भी हादसों का सिलसिला जारी है। वर्ष 2026 में अब तक एक्सप्रेसवे पर 19 सड़क दुर्घटनाओं में 26 लोगों की मौत हो चुकी है।

वहीं जिले में पिछले तीन वर्षों के आंकड़े भी चिंताजनक हैं। वर्ष 2024 से 2026 के बीच कुल 1911 सड़क दुर्घटनाओं में 948 लोगों की जान गई, जबकि 1542 लोग घायल हुए। पुलिस विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में जिले में 597 सड़क दुर्घटनाएं हुईं।

इनमें 277 लोगों की मौत हुई और 496 लोग घायल हुए। वर्ष 2025 में दुर्घटनाओं की संख्या बढ़कर 664 हो गई। इन हादसों में 326 लोगों की मौत हुई और 552 लोग घायल हुए। वहीं वर्ष 2026 में अब तक 650 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं।

इनमें 345 लोगों की जान गई, जबकि 494 लोग घायल हुए। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष हादसों की संख्या में मामूली कमी आई है, लेकिन मृतकों की संख्या में 19 की वृद्धि हुई है।

एक नवंबर को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर घटाई गई वाहनों की रफ्तार

सर्दियों में कोहरे और धुंध के कारण सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति सीमा एक नवंबर को ही घटा दी गई है।

एआरटीओ अतुल यादव ने बताया कि कार सहित आठ या उससे कम सीट वाले यात्री वाहन दिन में अधिकतम 80 और रात में 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकेंगे। नौ या उससे अधिक सीट वाले यात्री वाहनों के लिए दिन में 60 और रात में 50 किमी प्रति घंटा की सीमा तय की गई है।

वहीं मालवाहक वाहन दिन में अधिकतम 50 और रात में 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकेंगे। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की ओर से वाहन चालकों को कोहरे में हेडलाइट और फाग लाइट का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।

कोहरा काफी घना था, ओवर स्पीड की वजह से हादसा हुआ है। यूपीडा की रिस्पांस टाइम 10 मिनट का है, चूंकि घटना स्थल कार्यालय के पास था इसलिए सूचना मिलते ही एंबुलेंस लेकर टीम पांच मिनट में पहुंच गई थी। कोहरे को देखते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर ध्वनि विस्तारक यंत्र और पंपलेट से वाहन चालकों को इसके बारे में लगातार जागरूक किया जा रहा है।
राधेश्याम, सुरक्षा अधिकारी यूपीडा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।