जुल्म के खिलाफ चुप नहीं बैठूंगी : प्रियंका
जासं आजमगढ़ बिलरियागंज में बीते पांच फरवरी को बवाल के बाद बुधवार को महिलाओं से मिलने पहुंचीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने एलान किया कि न्याय मिलने तक चुप नहीं बैठूंगी। जहां-जहां जुल्म होगा वहां-वहां जाऊंगी।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : बिलरियागंज में बीते पांच फरवरी को सीएए के विरोध में हुए बवाल के बाद बुधवार को महिलाओं से मिलने पहुंचीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने एलान किया कि न्याय मिलने तक चुप नहीं बैठूंगी। जहां-जहां जुल्म होगा, वहां-वहां जाऊंगी।
महिलाओं से पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार का काम जनता को सुरक्षा देना है, जबकि लोगों पर जुल्म ढाया जा रहा है। सीएए के विरोध में धरने पर बैठी महिलाएं एक घंटे बाद खुद उठने वालीं थीं, मौलाना ने हिसा की बात नहीं की लेकिन उसके बावजूद जानबूझकर पुलिस ने ज्यादती की। पार्क में पानी डाला गया, महिलाओं को बेरहमी से पीटा गया और बच्चों को भयानक धाराओं में गिरफ्तारी की गई। सवाल किया कि आखिर किसलिए, कौन सी आपत्ति है सरकार को। सरकार को सभी धाराओं को वापस लेकर, लोगों को रिहा करना चाहिए।
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी ने कहा कि केंद्र सरकार का नया कानून किसी संप्रदाय नहीं, संविधान के खिलाफ है। भाजपा के आरक्षण संवैधानिक अधिकार नहीं, पर निशाना साधा। बोलीं कि बिलरियागंज में हुए जुल्म की रिपोर्ट बनाकर मानवाधिकार आयोग में जिम्मेदार अधिकारियों के नाम सहित शिकायत करूंगी, ताकि कोई बचने नहीं पाए। वह दोपहर में 1.05 बजे बिलरियागंज पहुंचीं। घटनास्थल को देखने के बाद पैदल ही सलमान के हाता में कथित पीड़ितों से मुलाकात करने जा पहुंची। लगभग पौन घंटे तक महिलाओं, बच्चियों से मुलाकात कर निकलीं तो मीडिया से चलते-चलते रूबरू हुईं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग संविधान तोड़ने का काम कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट में भी भाजपा ने संविधान को तोड़ने का काम किया है। जितने नए कानून लाए जा रहे हैं, वह संविधान के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि बिजनौर, वाराणसी, मुजफ्फरनगर और लखनऊ में पुलिस व प्रशासन ने अत्याचार किया तो वहां मैं गई थी। रिपोर्ट भी मानवाधिकार आयोग को भेजी हूं। अब बिलरियागंज की भी रिपोर्ट बनाकर जिम्मेदार अधिकारियों के नाम सहित मानवाधिकार आयोग में भेजूंगी। उधर प्रियंका गांधी से मिलकर निकलीं महिलाएं आश्वस्त नजर आ रही थीं। उन्होंने बताया कि हमें न्याय का भरोसा मिला है। बड़ी संख्या में लोग कई जिलों से पहुंचे थे, जिन्हें उनके नजदीक जाने की इजाजत नहीं थी। मीडियाकर्मियों पर पाबंदी रही। इससे पूर्व प्रियंका गांधी बुधवार को दिन में 11 बजे आजमगढ़ जिले में प्रवेश कर गईं। उनका जगह-जगह लोगों ने जबरदस्त स्वागत किया गया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, जितिन प्रसाद, सचिन नायक, जुबेर खां, नदीम जावेद, आराधना मिश्रा, राजेश मिश्रा, अजय राय, इमरान मसूद, मनीष चौबे, वीरेंद्र चौधरी समेत कई बड़े नेता थे।