प्रियंका गांधी वाड्रा ने अदाकारा शौकत आजमी को किया नमन
जागरण संवाददाता फूलपुर (आजमगढ़) मशूहर शायर व फिल्म गीतकार कैफी आजमी की पत्नी और
जागरण संवाददाता, फूलपुर (आजमगढ़): मशूहर शायर व फिल्म गीतकार कैफी आजमी की पत्नी और सिने तारिका शबाना आजमी की मां शौकत आजमी की पुण्यतिथि सादगी के साथ फूलपुर तहसील के मेजवां में मनाई गई। वहीं कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। फेसबुक पर भी पोस्ट किया है।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने लिखा है कि पृथ्वी थिएटर और इप्टा से लंबे समय तक जुड़ी रहकर उमराव जान एवं सलाम बांबे जैसी फिल्मों में बेहतरीन अभिनय करने वालीं शौकत आजमी जी की पुण्यतिथि पर उनकी याद को नमन। अभिनय के अलावा कैफी आजमी के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वाह करते हुए आजमगढ़ में गर्ल्स इंटर कालेज, सिलाई सेंटर, कंप्यूटर सेंटर आदि माध्यमों से महिलाओं के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इंसानियत को परिभाषित करने वालीं ऐसी जिम्मेदार और भारतीय रंग मंच की शख्सियत को मेरा नमन। उधर, फूलपुर के मेजवां गांव स्थित कैफी आजमी कन्या इंटर कालेज में मेजवां वेलफेयर सोसायटी के डिप्टी चेयरमैन आशुतोष त्रिपाठी, कैफी आजमी चिकनकारी सेंटर की संचालिका संयोगिता, विजय बहादुर, चंद्रेश, गोपाल व सीताराम ने भी शौकत आजमी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
नागपुर से युवक का शव घर आते मचा कोहराम
जागरण संवाददाता, नंदाव (आजमगढ़) : सरायमीर थाना क्षेत्र के नंदाव फूलपुर पुरवा गांव निवासी विनोद कुमार (28) पुत्र पुनई रोजी-रोटी के सिलसिले में पिछले सप्ताह महाराष्ट्र के नागपुर शहर गया था। स्वजनों का कहना है कि नागपुर शहर में सड़क हादसे में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को नागपुर स्थित एक अस्पताल में इलाज के दौरान विनोद कुमार की मौत हो गई। रविवार को विनोद का शव एंबुलेंस से घर आया तो परिजनों के चीख पुकार से कोहराम मच गया। उसकी दो बेटियां हैं।