विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता के वेश्‍यालय से युवती को मुक्त कराने के लिए पुलिस टीम ने ग्राहक बनकर बिछाया जाल

By Saurabh Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 21 Nov 2026 04:00 PM (IST)

आजमगढ़ पुलिस ने मानव तस्करी के आरोपित मुहम्मद अली को पकड़ने और एक युवती को छुड़ाने के लिए ग्राहक व युवती का भेष धारण किया। पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के वेश्यालय में जाल बिछाकर अली को दबोचा और युवती को मुक्त कराया, जहां 85 से अधिक वेश्यालय संचालित थे।

युवती को मुक्त कराने के लिए पुलिस टीम ने ग्राहक बनकर बिछाया जाल।

युवती को मुक्त कराने के लिए पुलिस टीम ने ग्राहक बनकर बिछाया जाल।

HighLights

  1. पुलिस ने मानव तस्कर मुहम्मद अली को गिरफ्तार करने के लिए जाल बिछाया।

  2. युवती को मुक्त कराने हेतु पुलिस टीम ने ग्राहक का भेष बदला।

  3. पश्चिम बंगाल के वेश्यालय से 90 से अधिक युवतियां बरामद हुईं।

जागरण संवाददाता, आजमगढ़। मानव तस्करी के आरोपित मुहम्मद अली तक पहुंचने और उसके चंगुल से युवती को मुक्त कराने के लिए आजमगढ़ पुलिस की टीम को ग्राहक और युवती का भेष धारण करना पड़ा। अली किसी अनजान व्यक्ति से सीधे मुलाकात नहीं करता था। इसके लिए पुलिस ने पहले सुरेश राम और महेश कुमार को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे बहला-फुसलाकर लाई गई लड़कियों को अली तक पहुंचाते थे। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया। एएसपी मानुष पारीक ने बताया कि, महेश ने पहले अली से अपने फोन पर संपर्क किया। उसे बताया कि बिहार के सिवान से कुछ लोग एक लड़की को बेचने के लिए लेकर आए हैं। इस पर अली ने महेश से कई सवाल किए।

उसने पूछा कि लड़की को लाने वाले लोगों को वह जानता है या नहीं और क्या वे भरोसेमंद हैं। अली ने यह भी स्पष्ट किया कि लड़की को देखने के बाद ही उसकी कीमत तय होगी। इसके बाद एएचटीयू के निरीक्षक अमित शर्मा, उपनिरीक्षक मनीष मणि त्रिपाठी, महिला आरक्षी रीमा कुमारी और आरक्षी सुधीर प्रजापति ने योजना के तहत भेष बदला।

महिला आरक्षी रीमा को बेचने के लिए लाई गई युवती और उपनिरीक्षक मनीष व आरक्षी सुधीर को उसे लेकर आने वाले लोगों के रूप में तैयार किया गया। इसके बाद टीम पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले के गोवालपोखर थाना क्षेत्र के पारा पंजीपाड़ा स्थित अली के वेश्यालय पहुंची।

वहां कुछ देर इंतजार करने के बाद अली पहुंचा। उसने महिला आरक्षी रीमा से उसका पता और पिता का नाम पूछा। रीमा ने बताए गए नाम-पते के अनुसार जवाब दिया। अली उससे कुछ और पूछताछ करता, इससे पहले ही स्थानीय पुलिस की मदद से टीम ने उसे दबोच लिया। इस तरह पुलिस ने युवती को मुक्त कराने के साथ ही मानव तस्करी के नेटवर्क में शामिल एक अहम आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

एक ही इलाके में 85 से अधिक वेश्यालय

पुलिस के अनुसार, पारा पंजीपाड़ा में 85 से अधिक वेश्यालय संचालित हैं। इनमें मुहम्मद अली का वेश्यालय सबसे बड़ा था। पुलिस टीम को वहां करीब 90 से अधिक युवतियां मिलीं। इनमें अधिकांश असम और बिहार की रहने वाली थीं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़ी अन्य कड़ियों और युवतियों के वहां पहुंचाने वाले आरोपित अली की पत्नी नजरा खातून, गफ्फार की पत्नी बिन्द्या, महेश की पत्नी गीता को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।