आजमगढ़ में महिला अध्यापक के माेबाइल से वीडियो बना रहे छात्र को पुलिसकर्मी ने मारा थप्पड़
आजमगढ़ के निजामाबाद स्थित राहुल जूनियर हाईस्कूल की जमीन पर अवैध कब्जे के प्रयास के दौरान पुलिस ने हस्तक्षेप किया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी ने वीडियो बना रहे छात्र को थप्पड़ मारा और महिला अध्यापक का मोबाइल छीनने का प्रयास किया, जिस पर शिक्षकों ने कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस की कार्रवाई का अध्यापकों ने किया विरोध, एसडीएम को ज्ञापन।
HighLights
राहुल जूनियर हाईस्कूल की जमीन पर कब्जे का प्रयास।
पुलिसकर्मी ने वीडियो बना रहे छात्र को थप्पड़ मारा।
शिक्षकों ने एसडीएम से पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग की।
जासं, निजामाबाद (आजमगढ़)। नगर में स्थित राहुल जूनियर हाईस्कूल परिसर की जमीन पर कुछ लोग अवैध रूप से कब्जा करना चाहते हैं। ऐसे लोगों को चिन्हित कर कार्यवाई करने की मांग को लेकर शिक्षकों ने एसडीएम और प्रभारी निरीक्षक निजामाबाद को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। विद्यालय परिसर में चपरासी फूलचंद आवास बनाकर रहता था।
इसके सेवानिवृत्त होने के बाद उसने मकान खाली कर दिया। इसके बाद से वह जमीन वैसे ही है और मकान गिर चुका है। बुधवार की दोपहर करीब एक बजे कुछ लोग जमीन पर कब्जा करने की नीयत से पहुंचे थे। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक लाल बहादुर राव ने डायल-112 को फोन कर दिया।
इसके बाद पहुंची पुलिस ने किसी तरह से मामला शांत कराया लेकिन मौके पर महिला अध्यापक का मोबाइल लेकर घटनाक्रम का वीडियो बना रहे कक्षा-आठ के छात्र को एक पुलिसकर्मी ने थप्पड़ मार दिया। इसके बाद महिला अध्यापक के हाथ से मोबाइल भी छीनने का प्रयास पुलिस ने किया।
इसे देखकर शिक्षक आक्रोशित हो गए और इसका विरोध किया। अध्यापकों ने एसडीएम और प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र देकर दोषी लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम अयान जैन ने कहा कि मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है और पुलिस द्वारा किए गए अभद्रता की जांच कराई जाएगी। दोषी मिलने पर कार्रवाई होगी।