आजमगढ़ में कब्र से निकलेगा मौत का राज, घटना के बाद पुलिस ने करा दिया था दोनों पक्षों में सुलह समझौता
आजमगढ़ में एक सड़क हादसे में शमशाद की मौत के बाद पुलिस ने समझौता करा दिया था। अब परिजनों की मांग पर शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

आजमगढ़ में कब्र से निकलेगा मौत का राज, पुलिस समझौते के बाद होगा पोस्टमार्टम।
HighLights
सड़क दुर्घटना में शमशाद उर्फ गुड्डू की मौत हुई थी।
पुलिस ने पहले दोनों पक्षों में समझौता कराया था।
अब शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम होगा।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। पुलिस के समझौते की अब कब्र खोदने की तैयारी है। अमूमन समझौते आपसी सहमति से होते हैं लेकिन मौत के मामले में पुलिस का कराया हुआ समझौता गले से नीचे नहीं उतरने की बात पर परिजनों ने आखिरकार न्याय के लिए कमर कसी तो पुलिस अब पोस्टमार्टम कराने जा रही है। इसके लिए शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। अब कब्र से ही मौत का राज निकलेगा।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा ईदगाह के पास शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार थार की टक्कर से बाइक सवार शमशाद उर्फ गुड्डू की मौत हो गई थी और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने हादसे के बाद गुड्डू के स्वजन और थार चालक के बीच समझौता करा दिया था। इस मामले में आखिरकार एसपी सिटी के निर्देश पर बाद में प्राथमिकी दर्ज की गई।
अब कब्र से निकालकर युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। थानाध्यक्ष ने डीएम को पत्र सौंपकर अनुमति मांगी है। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा निवासी शमशाद उर्फ गुड्डू (50 वर्ष) व मनीष कुमार (18 वर्ष) शुक्रवार को फरिहा चौक से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की तेज रफ्तार थार स्कूली बस को ओवरटेक कर रही थी।
इस दौरान थार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक ने शमशाद उर्फ गुड्डू की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने पहले दोनों पक्षों में सुलह समझौता कराकर छोड़ दिया।
बाद में जब इसकी जानकारी एसपी सिटी को हुई तो उनके निर्देश पर पुलिस ने थार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। इसी बीच सुलह समझौते के बाद स्वजन ने शमशाद के शव को दफन कर दिया। अब पुलिस डीएम से अनुमति लेकर शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराने की तैयारी में जुटी है।
इस बाबत थाना प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि परिजनों ने शव को दफन कर दिया था। अब उसे कब्र से निकालने के लिए डीएम से अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलते ही शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बताया कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद नए सिरे से मामले की जांच की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।