टूटी तंद्रा, दबोचे गए दो हमलावर
निजामाबाद क्षेत्र के कोल्हपुर गांव में 20 दिन पूर्व हुए संघर्ष का मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में लेते ही पुलिस अचानक सक्रिय हो गयी। निजामाबाद पुलिस ने गुरुवार को दो आरोपितों
जासं, निजामाबाद (आजमगढ़) : इसे कहते हैं, जागरण प्रभाव..। खबर छपने के कुछ घंटे बाद ही निजामाबाद पुलिस ने दो आरोपितों को दबोच लिया। सात मई को हुई मारपीट की घटना में पीड़ित पक्ष के साथ इलाकाई पुलिस के खड़ा न होने पर जिम्मेदारों की किरकिरी हुई। इस हद तक की पूर्व गवर्नर को पत्र लिखकर कृत कार्रवाई के बारे में अवगत कराने को अनुरोध करना पड़ गया। हालांकि, तंद्रा टूटने के बाद फरार आरोपितों की गिरफ़्तारी को जी-जान से जुटी है। 'जागरण' ने 28 मई के अंक में पेज चार पर 'ब्राह्मण परिवार की पिटाई का मामला पहुंचा योगी दरबार' शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की है।
कोल्हपुर गांव में सात मई को बलदेव शुक्ल के घर में घुसकर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। हमले में बलदेव पक्ष के अश्वनी शुक्ल, नितिश शुक्ल, दीपक व पंकज आदि गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पीड़ित पक्ष ने निजामाबाद थाने में छह हमलावरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए तेजी भी दिखाई लेकिन फिर कार्रवाई पर अचानक से ब्रेक लग गया। पीड़ित पक्ष ने डीआइजी सुभाष चंद्र दुबे से मदद की गुहार लगाई तो निजामाबाद पुलिस ने कुछ दिन बाद आरोपितों की गिरफ्तारी तो कर ली, लेकिन थाने से ही निजी मुचलके पर छोड़ दिया था। उसके बाद पीड़ित ने थाने से लेकर अधिकारियों तक गुहार लगाई लेकिन कुछ न हुआ। पीड़ित ने ज्यादती की शिकायत ऊपर की तो पूर्व राज्यपाल रामनाईक ने संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा। उसके बाद तो पूरी मशीनरी ही जाग गई। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि दो हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। चार अन्य फरार है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।