'दम है तो संभल से चुनाव लड़कर दिखाएं योगी-अखिलेश', आजमगढ़ में सपा और भाजपा पर ओवैसी ने बोला हमला
ओवैसी ने आजमगढ़ में सपा और भाजपा पर जमकर हमला बोला, मुसलमानों को छलने का आरोप लगाया। उन्होंने योगी और ...और पढ़ें

अगर दम है तो संभल से चुनाव लड़ लें योगी और अखिलेश: ओवैसी।
HighLights
सपा पर मुसलमानों को छलने और दरी बिछाने का आरोप।
योगी-अखिलेश को संभल से चुनाव लड़ने की सीधी चुनौती।
भाजपा सरकार की मुस्लिम विरोधी नीतियों पर ओवैसी का हमला।
जागरण संवाददाता, बिंद्रा बाजार (आजमगढ़)। एआईएमआईएम (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा ही मुसलमानों को छलने का काम किया है। सपा में मुस्लिम समाज के लोग सिर्फ दरी बिछाने का काम करते हैं। अब मुस्लिम समाज के लोगों को किसी के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है।
अयोध्या से लड़ने के लिए एक-दूसरे को चुनौती देने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा प्रमुख अखिलेश यादव अगर दम है तो संभल से चुनाव लड़कर दिखाएं। संभल की जनता दोनों को करारा जवाब देगी और हराकर भेजेगी।
भाजपा सरकार में मुस्लिमों के घर, मस्जिद और कब्रिस्तानों पर कार्रवाई हुई है। जेवर एयरपोर्ट का नाम बदलकर यूपी सरकार ने नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट कर दिया तो अब सरकार को हाफ एनकाउंटर का नाम बदलकर प्रधानमंत्री गोली चलाओ, देश जलाओ कर देना चाहिए। इसके साथ ही इलेक्शन कमीशन का नाम बदलकर प्रधानमंत्री सरकार बनाओ कमीशन कर देना चाहिए। सपा से पांच बार के विधायक रहे स्व. आलमबदी आजमी को भी ओवैसी ने याद किया।
यह बातें एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार की शाम साढ़े सात बजे दीदारगंज विधानसभा क्षेत्र के मुहम्मदपुर ब्लॉक अंतर्गत अमौड़ा मोहिउद्दीनपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।
कहा कि डबल इंजन की सरकार 80 और बीस की बात करती है लेकिन यहां लड़ाई तो 99 और एक प्रतिशत की है। भाजपा के साथ केवल एक प्रतिशत यानि की 40 प्रतिशत पूंजीपति ही साथ हैं, बाकी इनके साथ नही है। इस बार भाजपा का भ्रम टूटेगा।
उन्होंने कहा कि अगर सपा सरकार में सैफई में विश्वविद्यालय बन सकता है तो शिब्ली नेशनल कॉलेज को विश्वविद्यालय क्यों नहीं बनाया जा सकता। जनता को कुछ राजनीतिक दलों के नेता भड़काते हैं कि ओवैसी की पार्टी भाजपा की बी-टीम है और यह वोट काटने के लिए चुनाव लड़ती है।
कहा कि आरोप लगाने वाले पहले अपने गिरेबांन में झांककर देखे, सपा और कांग्रेस का आधा परिवार ही भाजपा में शामिल है। टैरिफ से मुबारकपुर और बनारसी साड़ी को नुकसान हो रहा है।
आजमगढ़ का एयरपोर्ट तो आठ माह में ही बंद हो गया। प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली ने कहा कि सबसे अधिक मुसलमान समाज का शोषण तो सपा सरकार में ही हुआ है। गुजरात का दंगा अब तक नही भूल सकते तो सपा सरकार में मुजफ्फरनगर के दंगे को कैसे भूल सकते है।
सपा की सरकार में आजमगढ़ को आतंक की नर्सरी कहकर बदनाम किया गया। उस समय सपा का कोई नेता इसका विरोध नहीं किया। प्रदेश सचिव अंसार खान, जिलाध्यक्ष नदीम आरिफ, शेख शहनाज, अदील एलवी, इशरार अहमद, इमरान मनटी, सोफियांन आदि लोग उपस्थित थे। संचालन कमर कमाल ने किया।
