मायके में नवविवाहिता ने लगाई फांसी
तहबरपुर थाना क्षेत्र के पूरा अचानक तरौधी गांव में शुक्रवार की दोपहर को एक नव विवाहिता ने अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस संबंध में मृत विवाहिता के पिता ने पति व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहबरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
आजमगढ़ : तहबरपुर थाना क्षेत्र के पूरा अचानक तरौधी गांव में शुक्रवार की दोपहर को एक नवविवाहिता ने अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस संबंध में मृत विवाहिता के पिता ने पति व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहबरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पूरा अचानक तरौधी गांव निवासी नागेंद्र यादव की 23 वर्षीय पुत्री रेखा यादव की शादी 11 मई 2018 को गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बेलऊं गांव निवासी मनीष यादव के साथ हुई थी। वह शादी के एक माह बाद ही ससुराल से मायके चली आई थी। तभी से मायके में ही रहती थी। परिजन का कहना है कि उसका पति मुंबई में रहकर सब्जी व फल बेचता है। रेखा ने शुक्रवार की दोपहर को फोन पर अपने पति से बात की। बात करने के बाद उसने दोपहर लगभग एक बजे कमरे के अंदर गई और छत के चुल्ले में दुपट्टा के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिवार के पुरुष सदस्य घर से बाहर गए थे। परिजनों की नजर जब फंदे से लटक रहे रेखा पर पड़ी तो वे सन्न रह गए। परिजनों के चीख-पुकार सुनकर पास पड़ोस के लोग भी आ गए। उन्होंने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहबरपुर थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्त ने कहा कि मृत विवाहिता के पिता ने अपनी बेटी के पति मनीष यादव व ससुर हरिनाथ यादव के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। उक्त तहरीर के आधार पर पति व ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।