आजमगढ़ में पांच साल से बढ़ा हुआ है सरसों की खेती का रकबा, गेहूं का हो रहा कम
आजमगढ़ में पिछले पांच वर्षों में सरसों की खेती का रकबा तेजी से बढ़ा है, जबकि गेहूं का रकबा कम हुआ है। किसान कम लागत और अधिक मुनाफे के कारण सरसों की फसल को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिसे शासन से भी प्रोत्साहन मिल रहा है।

हाल के वर्षों में मौसम अनुकूल होने के कारण सरसों की फसल को नहीं पहुंचा बहुत नुकसान।
HighLights
आजमगढ़ में सरसों की खेती का रकबा लगातार बढ़ रहा है।
गेहूं की बुवाई का क्षेत्र पिछले पांच वर्षों में कम हुआ।
किसान कम लागत, अधिक बचत के कारण सरसों पसंद कर रहे।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। सरसों की खेती का दायरा धीरे-धीरे जिले में लगातार बढ़ रहा है और गेहूं का रकबा कम हो रहा है। अब तो शासन से भी सरसो की खेती को बढ़ाने का लक्ष्य दिया जा रहा है और गेहूं का लक्ष्य कम आवंटित हो रहा है।
कम लागत अधिक बचत के कारण किसान सरसो की खेती को बढ़ावा दे रहे हैं और इसकी बिक्री में भी कहीं से दिक्कत नहीं आ रही है। पांच वर्षों में सरसो की खेती का रकबा 37 हजार 879 हेक्टेयर बढ़ा है और गेहूं का रकबा अब कम होने लगा है।
वर्ष 2021-22 में 2640 हेक्टेयर में ही सरसो की खेती होती थी लेकिन यह आंकड़ा 2022-23 में बढ़कर 16 हजार 780 हेक्टेयर हो गया। 2023-24 में 17 हजार 121 हेक्टेयर में सरसो की खेती हुई तो 2024-25 में बीस हजार 793 हेक्टेयर में खेती हुई।
2025-26 में 31 हजार 852 हेक्टेयर में सरसो की खेती किसानो ने की तो शासन ने 2026-27 का लक्ष्य 40 हजार 519 हेक्टेयर तय कर दिया है। यह लक्ष्य भी लगभग पूरा हो चुका है। इसी तरह से गेहूं की फसल 2021-22 में दो लाख 41 हजार 598 हेक्टेयर में किसानों ने लगाई लेकिन 2022-23 में रकबा घटकर दो लाख 34 हजार 214 हेक्टेयर हो गया।
इसी तरह से 2023-24 में दो लाख 33 हजार 814 हेक्टेयर में गेहू की खेती किसानो ने की। हालांकि 2024-25 में गेहू का रकबा बढ़कर दो लाख 43 हजार 402 हेक्टेयर तो हुआ लेकिन 2025-26 में घटकर फिर दो लाख 32 हजार 877 हेक्टेयर हो गया। शासन से गेहूं की बुआई का लक्ष्य भी 2026-27 में दो लाख 18 हजार 148 हेक्टेयर तय किया गया है।
सरसो की खेती कम लागत की है। इसमें सिचाई और खाद की बहुत अधिक आवश्यकता नहीं पड़ती है। पहले दस बिस्वा में सरसो की बुवाई करते थे, इस बार एक एकड़ से अधिक में बुवाई किए हैं। राजकीय बीज गोदाम फूलपुर से अनुदानित बीज भी ले गए हैं। - विजयपाल सिंह, धौरहरा रोशन अली, फूलपुर
पहले घर में उपयोग करने के लिए सरसो फसल की बुवाई एक बीघा में करते थे और इस समय तीन बीघा में किए हैं। घर में उपयोग करने के बाद जो बचता है उसे बेच देते है। अच्छी पैदावार हुई तो गेंहू से अच्छी बचत सरसो में हो जाती है। - मो. अनवर, सुदनीपुर
सरसो की फसल का रकबा बढ़ने से गेहूं का रकबा कुछ कम हुआ है। सरसो में लागत कम आती है और बाजार मूल्य भी गेहूं की फसल से अधिक है। इधर के कुछ वर्षों में मौसम भी सरसो की खेती के अनुकूल रहा है, जैसे कि पाला आदि नहीं पड़ा। इसलिए किसान भी अब सरसो की खेती में रूचि ले रहे हैं।
सदानंद चौधरी, जिला कृषि अधिकारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।