आजमगढ़ में पिकअप से टकराई बाइक, भांगड़ा पार्टी के एक सदस्य की मौत
आजमगढ़ के महमूदपुर में पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। तीनों एक शादी समारोह से पंजाबी ढोल बजाकर लौट रहे थे, पुलिस फरार पिकअप चालक की तलाश कर रही है।

आजमगढ़ में पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत दो घायल।
HighLights
आजमगढ़ में पिकअप की चपेट में आने से एक की मौत।
शादी समारोह से लौट रहे थे तीनों बाइक सवार युवक।
हादसे में दो अन्य घायल, एक की हालत गंभीर।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। थाना क्षेत्र के महमूदपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार करीब दो बजे पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। तीनों एक ही बाइक से शादी समारोह में पंजाबी ढोल बजा कर लौट रहे थे। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। निजामाबाद थाना क्षेत्र के मोइया गांव निवासी 35 वर्षीय अब्दुल कलाम उर्फ सोनू अपने साथी गोपालपुर निवासी 30 वर्षीय मेलाल और फरिहा निवासी 30 वर्षीय सावन के साथ फरिहा में शादी समारोह ढोल बजाने गए थे। रविवार दोपहर तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे।
महमूदपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास चेकपोस्ट की ओर जा रही पिकअप से उनकी बाइक को टक्कर मार दी, हादसे में अब्दुल कलाम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मेलाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
सावन बाइक से छिटककर दूर जा गिरा, जिससे उसे मामूली चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल मेलाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।