विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आजमगढ़ में छात्रा खुशी सिंह बनीं एक दिन की डीएम, कुर्सी संभालते ही अवैध क्लीनिक को कराया सील

Published: Sat, 17 Oct 2026 04:08 PM (IST)

मिशन शक्ति के तहत एक दिन की जिलाधिकारी बनीं छात्रा खुशी सिंह के निर्देश पर आजमगढ़ में एक अवैध डेंटल क्लीनिक को सील कर दिया गया।

एक दिन की डीएम बनी खुशी के निर्देश पर अवैध डेंटल क्लीनिक सील।

एक दिन की डीएम बनी खुशी के निर्देश पर अवैध डेंटल क्लीनिक सील।

HighLights

  1. छात्रा खुशी सिंह बनीं एक दिन की जिलाधिकारी।

  2. उनके निर्देश पर अवैध डेंटल क्लीनिक सील।

  3. मिशन शक्ति अभियान के तहत हुई कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, आजमगढ़। मिशन शक्ति अभियान के तहत एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा खुशी सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने मेंहनगर के खरियानी बाजार में संचालित डेंटल क्लीनिक को सील कर दिया। जांच में क्लीनिक का पंजीकरण नहीं मिला और मौके पर मौजूद कर्मचारी जरूरी दस्तावेज भी नहीं दिखा सके।

सीएमओ डॉ. ननकूराम वर्मा ने बताया कि गुरुवार को जनसुनवाई के दौरान एक दिन की डीएम खुशी सिंह के सामने खरियानी बाजार में अवैध रूप से डेंटल क्लीनिक संचालित होने की शिकायत आई थी।

छात्रा ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके क्रम में शुक्रवार को डिप्टी सीएमओ डॉ. मोहन राम और पटल सहायक धीरेंद्र शुक्ल की टीम ने संबंधित क्लीनिक की जांच की। इस दौरान पंजीकरण संबंधी अभिलेख नहीं मिले।

मौके पर मौजूद कर्मचारियों द्वारा जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक सील कर दिया। कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित अन्य क्लीनिकों में भी हलचल रही।

मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने का कौशल, आत्मविश्वास और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ विकसित करने के उद्देश्य से गुरुवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की कक्षा 11 की मेधावी छात्रा खुशी सिंह को ‘एक दिन की जिलाधिकारी’ बनने का मिला।

सुबह 11.15 बजे छात्रा ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर सांकेतिक रूप से जिलाधिकारी का दायित्व संभाला और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझा। करीब आधे घंटे तक कार्यालय में बैठकर आने वाले पीड़ितों की समस्याओं को सुनकर उसके समाधान का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

जनता दर्शन में शिकायत लेकर आए शिवकुमार मौर्य ने बताया कि खरिहानी बाजार में अवैध क्लिनिक संचालित हो रहा है। शिकायती पत्र को पढ़ने के बाद सीएमओ डॉ. ननकूराम वर्मा को जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। 

यह भी पढ़ें- वेतन से बेजुबानों का पेट भर रहीं शामली की शिक्षिका नंदिनी चौधरी, बीमार होने पर इलाज का भी उठाती खर्च