दुर्घटना में जेल वार्डेन दंपती की मौत, कोहराम
उरई जिले से वापस आते समय रास्ते में शुक्रवार की रात को सड़क दुर्घटना में जेल वार्डेन दंपती की मौत से उनके पैतृक गांव आमगांव में शनिवार को कोहराम मचा हुआ है। दुर्घटना की खबर
जागरण संवाददाता, दीदारगंज (आजमगढ़) : उरई जिले से वापस आते समय रास्ते में शुक्रवार की रात को सड़क दुर्घटना में जेल वार्डेन दंपती की मौत से उनके पैतृक गांव आमगांव में शनिवार को कोहराम मचा हुआ है। दुर्घटना की खबर पाकर स्वजन भी शनिवार की भोर में ही उरई रवाना हो गए।
दीदारगंज थाना क्षेत्र के आमगांव निवासी 37 वर्षीय प्रवीण सिंह पुत्र कृपाशंकर सिंह व उनकी पत्नी 35 वर्षीय प्रीति सिंह वर्ष 2004 में जेल पुलिस के पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में उक्त पति व पत्नी कानपुर देहात जिले के जिला कारागार में जेल वार्डेन के पद पर तैनात थे। वे अपने किसी परिचित के शादी में शामिल होने के लिए बच्चों संग उरई जिला गए थे। शुक्रवार की रात को उरई से वे अपनी कार पर सवार होकर वापस कानपुर देहात आ रहे थे। स्वजनों का कहना है कि उरई जिले में ही बीच रास्ते में कार का दाहिना टायर पंचर हो गया। पति-पत्नी कार से नीचे उतर गए। सड़क के किनारे गाड़ी खड़ी कर पति टायर बदलने लगे। जबकि पत्नी मोबाइल का टार्च जलाकर रोशनी दिखा रही थी। उसी दौरान ओवरटेक कर रहे ट्रक के चपेट में आने से उक्त दंपती घायल हो गए। जबकि कार में बैठे उनकी पुत्री 14 वर्षीय खुशी व 11 वर्षीय पुत्र शिवम बाल-बाल बच गए। ग्रामीण दोनों को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि प्रवीण की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल उनकी पत्नी प्रीति ने भी अस्पताल पहुंच कर दम तोड़ दिया। पुलिस ने रात को ही फोन कर स्वजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के पुरुष सदस्य शनिवार की भोर में ही उरई के लिए रवाना हो गए। जबकि परिवार की महिलाओं के चीख पुकार से गांव में कोहराम मचा हुआ है। दंपती की मौत से गांव में शोक की लहर है।