आजमगढ़ में फूलों की खेती का बढ़ा रकबा, 24 हेक्टेयर में गेंदा और तीन हेक्टेयर में होगी ग्लैडियोलस की खेती
आजमगढ़ में फूलों की खेती का रकबा बढ़ा है, जिसमें गेंदा और ग्लैडियोलस की खेती के लिए लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। किसानों को उद्यान विभाग द्वारा बीज, खाद और अनुदान मिलेगा, जिससे वे अपनी आय बढ़ा सकेंगे।

आजमगढ़ में फूलों की खेती को मिला बढ़ावा गेंदा और ग्लैडियोलस का रकबा बढ़ा।
HighLights
गेंदा की खेती का रकबा 12 से बढ़कर 24 हेक्टेयर हुआ।
ग्लैडियोलस की खेती पहली बार तीन हेक्टेयर में होगी।
किसानों को फूलों की खेती पर मिलेगा सरकारी अनुदान।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। फूलों की खेती को लेकर शासन ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में उद्यान विभाग का लक्ष्य पिछली बार से 12 हेक्टेयर बढ़ा दिया है। अब 24 हेक्टेयर में गेंदा के फूल की खेती होगी। इसके साथ ही ग्लैडियोलस की खेती के लिए भी पिछले वित्तीय वर्ष में जिले को लक्ष्य नहीं मिला था लेकिन इस बार तीन हेक्टेयर में ग्लैडियोलस की खेती किसान कर सकेंगे।
गेंदा और ग्लैडियोलस की खेती करने वालों को अनुदान भी मिलेगा। इसके साथ ही एकीकृत बागवानी मिशन के तहत एक हेक्टेयर में तुलसी की खेती भी होगी। उद्यान विभाग द्वारा किसानों को बीज और खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी। फूलों की खेती को सभी 22 ब्लाकों में कराया जाएगा।
गेंदा के फूल की खेती करने के लिए दो सौ से अधिक किसानों ने रजिस्ट्रेशन कर दिया है, इसके साथ ही ग्लैडियोलस की खेती करने के लिए भी दस किसानों ने आवेदन किया है। मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के तहत 20 हेक्टेयर और अनुसूचित जाति/जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में औद्यानिक विकास योजना के तहत चार हेक्टेयर में गेंदा के फूल की खेती होगी।
मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक मिशन के तहत ही तीन हेक्टेयर में ग्लैडियोलस की खेती होगी। इसमें खाद और बीज उद्यान विभाग द्वारा किसानों को निर्धारित दर पर ही उपलब्ध कराया जाएगा। ग्लैडियोलस की खेती करने के लिए प्रति हेक्टेयर करीब ढाई लाख का खर्च आता है, इसमें उद्यान विभाग द्वारा किसानों के खाते में अनुदान राशि के रूप में एक लाख रुपये भेजे जाएंगे।
मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के तहत 20 हेक्टेयर में गेंदा के फूल की खेती की लागत करीब पचास हजार रुपये प्रति हेक्टेयर आएगा, इसके किसानों के खाते में 15 हजार रुपये और अनुसूचित जाति/जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में औद्यानिक विकास योजना के तहत चार हेक्टेयर में गेंदा के फूल की खेती करने वाले किसानों के खाते में 45 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर अनुदान की राशि भेजी जाएगी। तुलसी की खेती की लागत करीब सवा लाख रुपये आती है, इसमें 60 हजार रुपये अनुदान किसानों को दिया जाता है।
शासन से मिले लक्ष्य को पूरा कराने के लिए किसानों ने आवेदन कर दिया है। अब उन्हे बीज और खाद उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वह जल्द से जल्द फूलों की खेती को शुरू कर सकें। फूलों की मांग बहुत है, इसलिए किसानों को बेंचने में दिक्कत नहीं आएगी। अगर आवश्यकता पड़ेगी तो किसानों को बाजार भी मुहैया कराया जाएगा।
जयकरण सिंह, उप निदेशक उद्यान।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।