आजमगढ़ में अपराध पर निगरानी के लिए शहर भर में लगेंगे सौ सीसीटीवी कैमरे
आजमगढ़ शहर में सेफ सिटी योजना के तहत सुरक्षा व्यवस्था और स्वच्छता अभियान को मजबूत करने के लिए 100 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में स्थापित होंगे, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।

निगरानी के लिए शहर में लगेंगे सौ सीसीटीवी कैमरे।
HighLights
सेफ सिटी योजना के तहत 100 सीसीटीवी कैमरे लगेंगे।
प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में स्थापित होंगे।
अपराध नियंत्रण, यातायात और स्वच्छता में मिलेगी मदद।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। सेफ सिटी योजना के तहत अब शहर की सुरक्षा व्यवस्था और स्वच्छता अभियान पहले से अधिक मजबूत होने जा रही है। शहर के प्रमुख चौराहों, तिराहों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों में 100 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
इस पहल के बाद शहर की हर प्रमुख गतिविधि सीसीटीवी की निगरानी में होगी। कैमरों के जरिए न केवल संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी, बल्कि आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के साथ ही स्वच्छता में भी मदद मिलेगी। इसके साथ ही सोलर उर्जा से 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे संचालित होंगे।
सेफ सिटी योजना के तहत शहर को स्वच्छ और जाम मुक्त बनाए जाने की नगर पालिका ने शुरूआत कर दी है। शहर में बढ़ती आबादी, वाहनों का दबाव और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों को देखते हुए निगरानी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लेकर पालिका प्रशासन सौ सीसीटीवी कैमरे लगवाएगा। योजना के तहत 35 विशेष पोल लगाए जाएगे।
शासन ने सेफ सिटी के तहत शहर में अत्याधुनिक 100 सीसीटीवी कैमरे लगाने की मंजूरी दी है। बजट अवमुक्त हो गया है,जल्द ही पोल लगवाने का काम शुरू किया जाएगा।
-डा.बृजेश सिंह, ईओ नगर पालिका