आजमगढ़ में छह से आठ हजार रुपये में युवतियों का सौदा करता था गफ्फार मियां, गिरोह के काम करने का तरीका हैरान करने वाला
आजमगढ़ में गफ्फार मियां के मानव तस्करी गिरोह का खुलासा हुआ है, जो किशोरियों और युवतियों को प्रेम या नौकरी ...और पढ़ें

आजमगढ़ में मानव तस्करी का बड़ा खुलासा गफ्फार मियां का गिरोह युवतियों को बेचता था।
HighLights
गफ्फार मियां युवतियों को 6-8 हजार रुपये में बेचता था।
प्रेमजाल, नौकरी का झांसा देकर फंसाता था मानव तस्करी गिरोह।
गिरोह बिहार, बंगाल और बांग्लादेश सीमा तक फैला हुआ है।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। किशोरियों और युवतियों को प्रेमजाल तथा नौकरी का झांसा देकर देह व्यापार के लिए बेचने वाले गिरोह के सरगना गफ्फार मियां से पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली हैं। वह युवतियों का महज छह से आठ हजार रुपये में सौदा करता था, जबकि गिरोह के सदस्यों को इसके लिए तीन से चार हजार रुपये देता था।
पुलिस की जांच में अब तक 25 से 30 लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस का मानना है कि यह संख्या 50 से भी अधिक हो सकती है। इस मामले में कई गिरोह के शामिल होने की जानकारी मिल रही है। अहरौला पुलिस अब तक तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि सात नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
छह नवंबर को अहरौला पुलिस ने बिहार के पूर्वी चंपारण से गिरोह के सदस्य अभिषेक राज शर्मा और उसकी पत्नी सितारा खातून को गिरफ्तार किया था। दोनों से पूछताछ में गिरोह के काम करने के तरीके और उसके सदस्यों के बारे में कई अहम जानकारियां सामने आई थीं। सितारा खुद भी पहले मानव तस्करी का शिकार हो चुकी है। गफ्फार मियां ने उसे बंगाल में आठ हजार रुपये में बेच दिया था। वहां से निकलने के बाद वह खुद उसी गिरोह में शामिल हो गई और युवतियों को फंसाकर लाने लगी।
क्षेत्राधिकारी विजय सिंह गौर ने बताया कि गिरोह के सदस्य पहले किशोरियों और युवतियों को प्रेमजाल या नौकरी का झांसा देकर अपने साथ ले जाते थे। युवतियों को पहले कोलकाता में कुछ दिनों तक रखा जाता था। इसके बाद उन्हें गफ्फार मियां तक पहुंचाया जाता था। गफ्फार चार से पांच दिनों तक उनका शारीरिक शोषण करता था। इसके बाद उन्हें बिहार, बंगाल के पुरुलिया और बांग्लादेश की सीमा तक ले जाकर बेच देता था।
किशनगंज में बेची गई अहरौला की युवती
18 मार्च 2026 को अहरौला क्षेत्र से गुमशुदा हुई युवती को गफ्फार मियां ने बिहार के किशनगंज में अली नाम के व्यक्ति को बेच दिया था। युवती को अभिषेक और सितारा बहला-फुसलाकर कोलकाता ले गए थे। इसके लिए दोनों को तीन-तीन हजार रुपये मिले थे।
विवेचना के दौरान इस मामले में बिंद्या निवासी मधुवन, पूर्वी चंपारण, सुरेश राम और छोटू राम निवासी मोतीपुर, मुजफ्फरपुर, महेश और गीता निवासी मोतिहारी, सरिता निवासी लेवालार चौक, मोतिहारी तथा अली निवासी किशनगंज के नाम सामने आए हैं। पुलिस इनके विरुद्ध मुकदमे में कार्रवाई करते हुए विवेचना कर रही है। गफ्फार अपने गिरोह के नेटवर्क के जरिए देवरिया की तीन, गोरखपुर की दो और अहरौला की एक युवती को बेच चुका है।
पहले आर्केस्ट्रा चलाता था गफ्फार
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि गफ्फार मियां वर्ष 2022 से इस धंधे में सक्रिय है। इससे पहले वह आर्केस्ट्रा संचालित करता था। इसकी आड़ में स्थानीय युवतियों को अपने जाल में फंसाकर गलत काम कराता था। बाद में उसकी मुलाकात सरिता देवी से हुई, जिसके बाद दोनों ने मिलकर गिरोह खड़ा किया।
इसके बाद दूसरे प्रदेशों से जरूरतमंद युवतियों को बहला-फुसलाकर बिहार लाया जाता था और उन्हें बेच दिया जाता था। गिरोह में सरिता देवी का परिवार भी सक्रिय बताया जा रहा है। उसका पति, बेटी और बहन तक इस धंधे में शामिल हैं। उसकी बहन वर्तमान में पूर्णिया जेल में बंद है। पुलिस का मानना है कि यह किसी एक जिले तक सीमित गिरोह नहीं, बल्कि कई प्रदेशों में फैला बड़ा सिंडिकेट है। विवेचना आगे बढ़ने के साथ ही नए नाम और पते सामने आ रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।